इरफान अंसारी के खिलाफ अभद्र भाषा पर कांग्रेस का पलटवार, संजय सेठ समेत भाजपा नेताओं पर एफआईआर की मांग, दो थानों में दी शिकायत

WhatsApp Channel Join Now
इरफान अंसारी के खिलाफ अभद्र भाषा पर कांग्रेस का पलटवार, संजय सेठ समेत भाजपा नेताओं पर एफआईआर की मांग, दो थानों में दी शिकायत


रांची, 07 नवंबर (हि.स.)। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने के मामले को कांग्रेस ने बेहद गंभीरता से लिया है। इस मामले में भाजपा नेता संजय सेठ, आदित्य साहू, दीपक प्रकाश, भानु प्रताप शाही सहित अन्य के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए शनिवार को रांची के जगन्नाथपुर और कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है। इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलोक दुबे ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी महज 19 प्रतिशत आबादी के नेता नहीं, बल्कि 100 प्रतिशत आबादी के नेता हैं। उनकी लोकप्रियता और स्वीकार्यता समाज के सभी वर्गों में है। यही वजह है कि आज झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश में उनकी लोकप्रियता लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है।

डॉ. इरफान अंसारी जहां भी जाते हैं, वहां लोगों का हुजूम उमड़ पड़ता है और उन्हें अपार जनसमर्थन मिलता है।

दुबे ने कहा कि डॉ. इरफान अंसारी की इसी लोकप्रियता और सभी वर्गों में मजबूत जनाधार के कारण भाजपा उन्हें राजनीतिक रूप से स्वीकार नहीं कर पा रही है। यही वजह है कि भाजपा लगातार उन्हें निशाना बनाने में लगी रहती है। यहां तक कि भाजपा का पूरा आईटी सेल उनकी छवि को किसी न किसी तरह धूमिल करने और उनके खिलाफ नकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश में जुटा रहता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा चाहे जितनी भी कोशिश कर ले, जनता के दिलों में डॉ. इरफान अंसारी के प्रति जो विश्वास और सम्मान है, उसे किसी दुष्प्रचार से खत्म नहीं किया जा सकता। डॉ. इरफान अंसारी के साथ झारखंड की जनता खड़ी है और पूरी कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है। उनके सम्मान और प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता पूरी मजबूती से आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि आज की कार्रवाई महज शुरुआत है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों के जरिये रविवार को राज्य के सभी जिले के थानों में इस मामले को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराने की पहल की जाएगी, ताकि पूरे मामले में विधिसम्मत जांच और उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल में नगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सोनात मुंडा, वरिष्ठ युवा नेता रियाज अंसारी, हयात कैसर, शनि सिंह, निशापति हांसदा, सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774082 Articles

Share this story