एसआईआर को लेकर आयोग की ओर से तिथि बढाने पर कांग्रेस ने जतायी खुशी

WhatsApp Channel Join Now
एसआईआर को लेकर आयोग की ओर से तिथि बढाने पर कांग्रेस ने जतायी खुशी


रांची, 12 नवंबर (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार की ओर से आहूत सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक रांची के धुर्वा स्थित मुख्यो निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय में हुई।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस की ओर से महासचिव सूर्यकान्त शुक्ला और महासचिव सह मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव शामिल हुए।

बैठक के बाद नेताद्वय ने बताया कि कांग्रेस पार्टी के प्रयासों के बाद चुनाव आयोग ने

एसआईआर की निर्धारित तिथि को आगे बढ़ाया है। आयोग के निर्देश पर 18 नवंबर 2026 को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और राजनीतिक दलों के बीएलए-2 की बैठक होगी। इस दौरान, अब तक एसआईआर प्रक्रिया के तहत एएसडीडी सूची के कारण जिन मतदाताओं के नाम कट गए हैं, उन्हें पुनः गणना फॉर्म भरने का अवसर दिया जाएगा।

प्रदेश महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि 18 नवंबर को पांच अगस्त को प्रकाशित की गई एएसडीडी सूची को फिर से पढ़कर सुनाया जाएगा और सत्यापन किया जाएगा।

सूची से छूटे लोग भर सकेंगे दोबारा फॉर्म

उन्होंने बताया कि जिन पात्र मतदाताओं के नाम सूची से छूट गए हैं, वे दोबारा फॉर्म भर सकेंगे। इसके साथ ही लंबित नोटिस की भी समीक्षा की जाएगी और नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भी भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि 18 नवंबर की तिथि पूरी एसआईआर प्रक्रिया के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी।

शाहदेव ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि राज्य में अभी भी कुल 17 लाख 53 हजार मामलों का निष्पादन होना शेष है। इनमें मुख्य रूप से नो-मैपिंग के नौ लाख मामले, तार्किक विसंगति के छह लाख 12 हजार मामले और अन्य मामले दो लाख 15 हजार और 26 हजार मामले शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, मतदाताओं की ओर से पूर्व में आवेदन किए गए फॉर्म का निपटारा भी लंबित है, जिनमें फॉर्म-6 के पांच लाख 78 हजार, फॉर्म-7 के एक लाख 35 हजार और फॉर्म-8 के एक लाख मामले शामिल हैं। कांग्रेस ने इन सभी लंबित मामलों के त्वरित और पारदर्शी निपटारे की मांग की है।

उन्होंने कहा कि राज्य में किसी भी मतदान केंद्र क्षेत्र का कोई भी भारतीय नागरिक जिसका उम्र एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष हो गया है, लेकिन अब तक उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है। ऐसे लोग नाम, विवरण और उनके विधानसभा क्षेत्र का नाम एवं मतदान केंद्र संख्या के साथ मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के व्हाट्सएप्प नंबर 6200079297 पर भेज सकते हैं। ताकि राज्य के प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776091 Articles

Share this story