कांग्रेस ने निकाला काला मार्च, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस ने निकाला काला मार्च, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग


देवघर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शनिवार को जसीडीह में लोकतंत्र के लिए काला दिवस बताते हुए विरोध मार्च निकाला गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। मार्च में कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मुन्नम संजय समेत पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हुए।

विरोध मार्च के दौरान प्रदेश महासचिव मुन्नम संजय ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार के कारण संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा और देशवासी उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे। मुन्नम संजय ने कहा कि जिस तरह देश ने अंग्रेजों को बाहर निकालने का काम किया था, उसी तरह लोकतंत्र की रक्षा के लिए भी संघर्ष किया जाएगा।

वहीं, युवा नेता दीपक सिंह राजपूत ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें और लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ खिलवाड़ बंद करें। उन्होंने कहा कि देश में मोदी सरकार की कथित तानाशाही नहीं चलने दी जाएगी।

मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प जताया।

मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र दास, अवधेश प्रजापति, दीपक सिंह राजपूत, गुलाब यादव सहित कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story