राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के प्रत्याशी प्रणव झा ने खरीदा नामांकन पत्र
रांची, 06 जून (हि.स.)। झारखंड से राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार प्रणव झा ने शनिवार को नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत करते हुए नामांकन पत्र खरीदा।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को सत्ता पक्ष के प्रमुख घटक दल झामुमो ने भी बैद्यनाथ राम के नाम की घोषणा कर दी है। झामुमो ने अभी दूसरे प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की है। झारखंड के राज्यसभा के दो सीटों के लिए हो रहे चुनाव में झामुमो दो प्रत्याशी देना चाहता था, लेकिन कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी देने की घोषणा से गठबंधन में रंजीश बढ गई है, जिसे पिछले दिनों मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रात में झामुमो के विधायकों के साथ बैठक कर जता दिया था।
18 जून को होनेवाले राज्यसभा चुनाव के लिए झामुमो और कांग्रेस ने एक-एक प्रत्याेशियों के नामों की घोषणा की है। वहीं विपक्ष की ओर से भाजपा ने भी प्रत्याशी देने की बात कह कर सत्ता पक्ष को उलझन में डाल दिया है। हालांकि भाजपा ने अभी अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की है।
वहीं नामांकन पत्र खरीदने के मौके पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री दीपिका पांडे सिंह, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष सह मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी, रियाज अंसारी, सुल्तान अहमद और उज्ज्वल प्रकाश तिवारी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

