झारखंड कांग्रेस की 18 अगस्त को बैठक, जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं और छात्र आंदोलन पर बनेगी रणनीति

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड कांग्रेस की 18 अगस्त को बैठक, जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं और छात्र आंदोलन पर बनेगी रणनीति


रांची, 16 अगस्त (हि.स.)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक 18 अगस्त को रांची स्थित पुराने विधानसभा सभागार में होगी। बैठक में राज्य के राजनीतिक, सामाजिक और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर पार्टी की आगामी रणनीति तय की जाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर होने वाली इस बैठक में प्रदेश प्रभारी के. राजू और सह-प्रभारी श्रीबेला भी मौजूद रहेंगे।

प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने रविवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि बैठक में प्रदेश राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य, प्रदेश उपाध्यक्ष, सभी जिला प्रभारी और जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष शामिल होंगे। सभी पदाधिकारियों की सहभागिता में राज्य और संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। जमीनी स्तर से प्राप्त सुझावों के आधार पर आगे की कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी।

राकेश सिन्हा ने कहा कि बैठक में जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में सुधार, परीक्षाओं में पारदर्शिता और छात्र आंदोलनों को लेकर पार्टी की भूमिका पर प्रमुखता से चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध प्रक्रिया सुनिश्चित कराने के लिए कांग्रेस छात्रों की आवाज मजबूती से उठाएगी।

उन्होंने कहा कि खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 से झारखंड के हितों पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों पर भी बैठक में गंभीर चर्चा होगी। खनिज संसाधनों और राज्य के अधिकारों से जुड़े इस विषय पर पार्टी की भूमिका और आवश्यक कार्ययोजना तय की जाएगी।

मीडिया प्रभारी ने कहा कि एलएआरआर एक्ट-2013 के तहत भूमि विस्थापित और भूमि प्रभावित लोगों को प्राप्त अधिकारों को सुनिश्चित कराने तथा उन्हें प्रभावी रूप से लागू कराने के लिए भी कांग्रेस अपनी आगामी रणनीति तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि विकास की प्रक्रिया में विस्थापितों और प्रभावित परिवारों के अधिकारों की रक्षा पार्टी की प्राथमिक चिंता है।

उन्होंने बताया कि एसआईआर-2026 के तहत नोटिस प्राप्त कर रहे मतदाताओं को आवश्यक सहयोग और सहायता उपलब्ध कराने में संगठन की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा होगी। इसके अलावा जातीय जनगणना और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर पार्टी की भूमिका और आगे की रणनीति तय की जाएगी।

राकेश सिन्हा ने कहा कि संगठन को और मजबूत बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस समिति के सदस्यों में से कुछ कार्यकारी समितियों के गठन तथा जिला कांग्रेस कमेटी स्तर पर अनुशासन समितियों के गठन पर भी विचार किया जाएगा। इसका उद्देश्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर नियमित चर्चा, बेहतर समन्वय, त्वरित निर्णय और संगठनात्मक अनुशासन सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि बैठक में प्रदेश राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्यों से लेकर जिला स्तर के पदाधिकारियों तक सभी की ओर से प्राप्त सुझावों को शामिल करते हुए पार्टी की आगामी कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story