एसआईआर को लेकर कांग्रेस गंभीर, किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं हटने देंगे : के. राजू
रांची, 20 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के स्थायी आमंत्रित सदस्य एवं झारखंड प्रभारी के. राजू ने सोमवार को रांची के मोरहाबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया एंड कम्युनिकेशन विभाग तथा सोशल मीडिया विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में दोनों विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई और आगामी रणनीति पर चर्चा की गई। इसमें मीडिया एवं सोशल मीडिया विभाग के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बैठक को संबोधित करते हुए के. राजू ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस पूरी तरह गंभीर है और पिछले कई महीनों से राज्यभर में इस अभियान पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड में कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसने 21 हजार से अधिक बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त किए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता एसआईआर को लेकर पूरी तरह सजग और सक्रिय है।
के. राजू ने कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट संकल्प है कि किसी भी पात्र नागरिक का मतदान का अधिकार बिना किसी वैध कारण के प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। पार्टी के कार्यकर्ता मतदाता सूची के पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया पर नजर रखे हुए हैं और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में षड्यंत्रपूर्वक मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाने का प्रयास किया है और अब झारखंड में भी वैसी ही कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक नेता और कार्यकर्ता पूरी सतर्कता के साथ इस प्रक्रिया की निगरानी कर रहा है और किसी भी पात्र मतदाता का नाम बिना उचित कारण के मतदाता सूची से हटने नहीं दिया जाएगा।
के. राजू ने कहा कि देश के लोकतंत्र को मजबूत करने में कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमिका रही है। उनके अनुसार पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की थी, जिससे देश के करोड़ों युवाओं को मतदान का अधिकार मिला। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने युवाओं को यह अधिकार दिलाया, उसी पार्टी का दायित्व है कि वह प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा भी सुनिश्चित करे।
बैठक के बाद प्रदेश मीडिया संयोजक डॉ. एम. तौसीफ ने बताया कि के. राजू ने मीडिया और सोशल मीडिया विभाग को निर्देश दिया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े तथ्यों और कांग्रेस के पक्ष को प्रभावी ढंग से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मीडिया एंड कम्युनिकेशन विभाग की समीक्षा बैठक प्रत्येक माह की तीन तारीख को नियमित रूप से आयोजित की जाए।
बैठक में प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, मीडिया संयोजक किशोरनाथ सहदेव, डॉ. एम. तौसीफ, सोशल मीडिया विभाग के चेयरमैन गजेंद्र सिंह, रिंकू तिवारी, शकील अख्तर अंसारी, सुनील सिंह, ऋषिकेश सिंह, अख्तर अली, उज्ज्वल प्रकाश तिवारी, प्रशांत पांडेय, मनीष राज, राजीव नारायण प्रसाद, विजय नायक सहित मीडिया एवं सोशल मीडिया विभाग के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

