भाजपा महिला आरक्षण विधेयक को ढाल बनाकर परिसीमन एजेंडा लागू करना चाहती थी : कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा महिला आरक्षण विधेयक को ढाल बनाकर परिसीमन एजेंडा लागू करना चाहती थी : कांग्रेस


रांची, 21 अप्रैल (हि.स.)। महिला अधिकारों से जुड़े विधायी घटनाक्रम को लेकर झारखंड की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोलते हुए कहा कि महिला आरक्षण विधेयक के हालिया घटनाक्रम से भाजपा नेताओं को “मानसिक आघात” पहुंचा है, जिसके कारण वे निराधार आरोप लगा रहे हैं।

मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में सोनाल शांति ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा महिला आरक्षण विधेयक को एक “ढाल” की तरह इस्तेमाल कर अपने परिसीमन एजेंडे को लागू करना चाहती थी। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष की एकजुटता के चलते भाजपा का यह प्रयास विफल हो गया।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि महिलाओं को विधानसभा और संसद में 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाला विधेयक वर्ष 2023 में ही संसद में विपक्ष की सहमति से पारित हो चुका है। इसके बावजूद, भाजपा सरकार ने 2024 के लोकसभा चुनाव में इसे लागू नहीं किया, जो उनकी नीयत पर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि केंद्र सरकार चाहती, तो 543 सदस्यीय वर्तमान लोकसभा में ही महिलाओं को आरक्षण देकर लगभग 180 महिला सांसदों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। उनके अनुसार, यह दर्शाता है कि भाजपा और उससे जुड़े संगठनों की सोच महिला सशक्तिकरण के अनुरूप नहीं है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story