उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का समापन

WhatsApp Channel Join Now
उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का समापन


रामगढ़, 15 जून (हि.स.)। राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित 21 वीं उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का सोमवार को समापन हो गया। तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, चतरा और कोडरमा जिलों के पुलिस खिलाड़ियों ने फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और हैंडबॉल जैसी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस क्षेत्रीय प्रतियोगिता ने खेल भावना, अनुशासन और आपसी समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने खेल कौशल के साथ-साथ टीम भावना और प्रतिस्पर्धात्मक उत्कृष्टता का परिचय दिया।

प्रतियोगिता का सबसे आकर्षक मुकाबला वॉलीबॉल फाइनल रहा। जिसमें रामगढ़ और कोडरमा की टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दर्शकों की उत्सुकता के बीच खेले गए इस मुकाबले में कोडरमा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रामगढ़ को 2-1 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। मैच के दौरान दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया, जिससे मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर सिद्धो-कान्हू मैदान में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्र, हजारीबाग के पुलिस उपमहानिरीक्षक अंजनी कुमार झा सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारियों ने विजेता और उपविजेता टीमों सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं मेडल देकर सम्मानित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story