जयराम ने राज्य सरकार से की प्रवासी मजदूर आयोग गठन करने की मांग
रांची, 16 जुलाई (हि.स.)। डुमरी विधायक जयराम महतो ने झारखंड में कमजोर और अनिश्चित मॉनसून की स्थिति पर चिंता जताते हुए राज्य सरकार से किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए तत्काल ठोस कृषि नीति लागू करने की मांग की है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गुरूवार को कहा कि राज्य की कृषि आज भी मुख्य रूप से मॉनसून की बारिश पर निर्भर है। सिंचाई सुविधाओं के अभाव में कम वर्षा का सीधा असर खेती, किसानों की आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कमजोर मॉनसून के कारण खरीफ फसलों की बुआई प्रभावित हो रही है, जिससे किसानों के साथ-साथ कृषि और ग्रामीण गैर-खेतिहर मजदूरों के समक्ष आजीविका का संकट गहराने की आशंका है। उन्होंने सरकार से खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में खेती के अलावा वैकल्पिक रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने की अपील की।
जयराम ने संभावित पलायन की आशंका जताते हुए प्रवासी मजदूर आयोग के गठन की मांग की। उन्होंने मनरेगा के तहत कार्य दिवस बढ़ाने और मजदूरी दोगुनी करने पर विचार करने का सुझाव भी दिया। साथ ही निजी खेती में 75 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार देने से जुड़े मामले का जल्द समाधान करने को कहा। उन्होंने कहा कि सूखे की आशंका अब गंभीर चुनौती बनती जा रही है। ऐसे में सरकार को राहत कार्यों तक सीमित न रहकर सिंचाई विस्तार, जल संरक्षण, ग्रामीण रोजगार और दीर्घकालिक कृषि सुधारों पर आधारित व्यापक कार्ययोजना लागू करनी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

