अनुकंपा नियुक्ति के तहत तीन आश्रितों को मिला नियुक्ति पत्र

WhatsApp Channel Join Now
अनुकंपा नियुक्ति के तहत तीन आश्रितों को मिला नियुक्ति पत्र


पूर्वी सिंहभूम, 24 अप्रैल (हि.स.)। जिले में अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पाने वाले आश्रितों के लिए शुक्रवार का दिन महत्वपूर्ण रहा। समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त राजीव रंजन ने तीन आश्रितों को नियुक्ति प्रमाण पत्र दिया।

इस अवसर पर अमित बेरा और सुभाष हांसदा को वर्ग-3 के पद यानी निम्नवर्गीय लिपिक के रूप में नियुक्त किया गया, जबकि जयंत सिंह को वर्ग-4 के पद पर अनुसेवी के रूप में नियुक्ति मिली। नियुक्ति पत्र पाकर सभी नवनियुक्त कर्मियों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।

उपायुक्त ने सभी नियुक्त कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह अवसर उनके लिए जिम्मेदारी के साथ सेवा करने का है। उन्होंने निर्देश दिया कि वे अपने कर्तव्यों का निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करें और कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता, अनुशासन और जवाबदेही बनाए रखें। साथ ही उन्होंने जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात भी कही।

कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में यह नियुक्ति प्रक्रिया संपन्न हुई, जिससे आश्रितों को सरकारी सेवा में अवसर मिलने के साथ उनके परिवारों को भी संबल मिला।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

Share this story