एएसडीडीओ सूची में त्रुटि का लाभ उठाएं आम लोग : कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now
एएसडीडीओ सूची में त्रुटि का लाभ उठाएं आम लोग : कांग्रेस


रांची, 15 सितंबर (हि.स.)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार को ज्ञापन सौंपकर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की अवधि एक माह बढ़ाने की अपील की गई थी।

लेकिन अब चुनाव आयोग की ओर से दावा और आपत्ति दर्ज कराने की अवधि 15 दिन बढ़ाने का फैसला लिया गया है।

पार्टी के महासचिव लालकिशोर नाथ शाहदेव और सूर्यकांत शुक्ला ने चुनाव आयोग के इस फ़ैसले का स्वागत किया है और अपील की है कि जो लोग छूट गए है, वे इसका फायदा उठाए। हालांकि पार्टी की ओर से एक महीने की अवधि बढ़ाने की मांग की गई थी।

उन्होंने कहा कि यदि एएसडीडीओ सूची में कोई कमी या त्रुटि रह गई हो, तो आम लोग इस समय का फायदा उठाते हुए अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से प्राप्त फॉर्म-7 की कुल संख्या तो सार्वजनिक की गई है, लेकिन किस राजनीतिक दल ने कितनी आपत्तियां दर्ज कराई हैं, इसका स्पष्ट ब्योरा भी जनता के समक्ष सार्वजनिक किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राज्य में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके या 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष के हो रहे युवाओं के नाम जोड़ने के लिए अब तक लगभग साढ़े चार लाख आवेदन ही प्राप्त हुए हैं, जबकि यह संख्या अनुमानतः 20 लाख से अधिक होनी चाहिए। कोई भी पात्र युवा मताधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए फॉर्म-6 जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाना जरूरी था।

पार्टी नेताओं ने कहा कि फॉर्म-7 के तहत प्राप्त सभी आवेदनों पर निर्णय लेने से पहले आवेदक और जिस व्यक्ति का नाम हटाने का प्रस्ताव है, दोनों पक्षों को व्यक्तिगत रूप से बुलाकर उनका पक्ष सुना जाना अनिवार्य किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story