समिति ने ग्रामीण एसपी से मुलाकात कर दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर की चर्चा
रांची, 26 सितंबर (हि.स.)। रांची ग्रामीण दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष तपेश्वर केशरी, कार्यकारी अध्यक्ष कुंदन सिंह और महामंत्री बीरेन्द्र साहु ने शनिवार को ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी से उनके रांची स्थित कार्यालय में मुलाकात की।
मौके पर समिति के पदाधिकारियों ने जिले के ग्रामीण क्षेत्र के सभी 18 प्रखंडों के दुर्गा पूजा आयोजन में प्रखंड समितियों के सक्रिय भूमिका की चर्चा कर ग्रामीण दुर्गा पूजा 2026 की पूजा समितियों की तैयारी को लेकर प्रशासनिक मार्गदर्शन एवं विचार व्यक्त किया। साथ ही 30 सितंबर को रांची के कचहरी रोड स्थित बिहार क्लब सभागार में दोपहर 02 बजे से जिले के सभी 18 प्रखंडों की पूजा समितियों की बैठक बुलाने की बात कही।
समिति ने कहा है कि बैठक में रांची ग्रामीण क्षेत्र में दुर्गा पूजा आयोजन को लेकर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, अनुमंडल पदाधिकारी बुंडू के अलावा रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के आजीवन मुख्य सरंक्षक डॉ अजीत सहाय, अध्यक्ष रविंदर वर्मा सहित अन्यर पदाधिकारी दुर्गा पूजा की तैयारी पर चर्चा करेंगे।
समिति ने रांची ग्रामीण क्षेत्र के 18 प्रखंडों के सभी दुर्गा पूजा समितियों से रांची ग्रामीण दुर्गा पूजा समिति ने तय समय पर बिहार क्लब सभागार में उपस्थित होकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर पूजा आयोजन के मुद्दे पर जिला अधिकारियों से चर्चा कर विचार आदान प्रदान करने का आग्रह किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

