श्री श्याम मंदिर में रंग रंगीला फाल्गुन महोत्सव 27 को
रामगढ़, 21 फ़रवरी (हि.स.)। श्री श्याम सेवा समिति ट्रस्ट के तत्वावधान में 27 फरवरी को द्वितीय रंग रंगीला फागुन महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
इसे लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है। उक्त कार्यक्रम की जानकारी शनिवार को श्री श्याम मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने दी और बताया कि फाल्गुन महोत्सव से 26 फरवरी को छावनी फुटबॉल ग्राउंड से एक विशाल निशान यात्रा निकलेगी, जिसमें हजारों महिला, पुरुष और बच्चे बाबा के निशान को लेकर शामिल होंगे। सबसे पहले निशान का पूजन छावनी फुटबॉल में किया जाएगा। सुबह ध्वजा पूजन के बाद सभी कूपनधारी महिलाओं और
भक्तों को निशान दिया जाएगा। बाबा की विभिन्न झांकियां के और बैंड पार्टी की धुन साथ रहेगी। स्थानीय एवं बाहर से आए कलाकार साथ में भजन गाते हुए भक्तों को झूमाते रहेंगे।
निशान यात्रा फुटबॉल ग्राउंड से शुरू होकर नेहरू रोड स्थित श्याम मंदिर के सामने से और गोला रोड होते हुए थाना चौक, सुभाष चौक होते हुए फुटबॉल ग्राउंड में विश्राम करेगी। यहां निशान धारी भक्तों को कूपन लेकर प्रसाद वितरण किया जाएगा। वहीं 27 फरवरी को भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। यहां कोलकाता के कलाकार दिव्यांग खंडेलवाल और प्रिया पोद्दार श्री श्याम बाबा के भजन और संकीर्तन करेंगे।
कार्यक्रम को लेकर सवामणि एवं महाभोग का कूपन भी जारी किया गया है। कोई भी श्रद्धालु कमेटी के पास से या मंदिर से कूपन प्राप्त कर सकता है। कार्यक्रम के संयोजक विनय अग्रवाल, श्याम सेवा ट्रस्ट के सदस्य अन्य भक्तों के साथ मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने लगे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

