झारखंड में कम होगी ठंड, दो से तीन डिग्री गिरेगा तापमान
- न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक वृद्धि का अनुमान- जमशेदपुर में सबसे अधिक 28.1 डिग्री और लातेहार में सबसे कम 8.4 डिग्री तापमान दर्ज
रांची, 29 नवंबर (हि.स.)। झारखंड में ठंड का असर आने वाले दिनों में कुछ कम होने की संभावना है। राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। इससे लोगों को सुबह और रात की ठंड से कुछ राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने रविवार को यह जानकारी दी।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 28.1 डिग्री सेल्सियस तापमान जमशेदपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया।
इधर, रविवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह हल्का कुहासा छाया रहा। हालांकि, बाद में आसमान साफ हो गया और धूप खिली। दिन में छाया में कनकनी महसूस हुई, जबकि धूप में गर्माहट बनी रही।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रविवार को रांची में अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री और न्यूनतम 15.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 27.4 डिग्री और न्यूनतम 12.2 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 25.1 डिग्री और न्यूनतम 12.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 27.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।--------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

