रांची में सीएनजी ऑटो चालक महासंघ ने परीक्षा को देखते हुए प्रस्तावित बंदी की स्थगित
रांची, 18 अप्रैल (हि.स.)। रांची में झारखंड प्रदेश सीएनजी ऑटो चालक महासंघ ने आगामी परीक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित बैठक एवं बंदी को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया है। यह परीक्षा टाटी स्थित सरला बिरला स्कूल में आयोजित की जानी है।
महासंघ ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं विभिन्न स्थानों से आएंगे, ऐसे में बंदी या परिवहन व्यवस्था बाधित होने से उन्हें असुविधा हो सकती थी। इसी कारण छात्रहित को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सोनी ने कहा कि महासंघ का उद्देश्य आम जनता, विशेषकर विद्यार्थियों को सुगम परिवहन सुविधा देना है। उन्होंने सभी ऑटो चालकों और मालिकों से अपील की कि परीक्षा के दिन छात्रों से केवल निर्धारित किराया ही लिया जाए और किसी भी प्रकार की अतिरिक्त वसूली से बचा जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि निर्धारित किराया शीघ्र ही औपचारिक रूप से लागू किया जाएगा, जिससे भविष्य में किराए को लेकर किसी प्रकार का विवाद न हो।
महासंघ ने स्पष्ट किया कि वह हमेशा जनहित को प्राथमिकता देता रहेगा और आगे भी ऐसे निर्णय लिए जाएंगे जिससे आम लोगों, खासकर छात्रों को सुविधा मिल सके।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

