मां के निधन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन निभा रहे पारंपरिक रस्में
रामगढ़, 09 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया है । गुरुवार को अंतिम संस्कार के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अब अगले 13 दिनों तक श्राद्ध कर्म की पारंपरिक रस्में निभाएंगे।
अगले 13 दिनों तक वे अपने पैतृक गांव नेमरा में ही रहेंगे। शुक्रवार को मुख्यमंत्री जब उठे तो उन्होंने पारंपरिक रस्मों की शुरुआत की। स्थानीय परंपरा और रीति रिवाज के अनुसार उन्होंने अपने पैतृक आवास पर दिवंगत मां रूपी सोरेन के निमित्त भोजन परोसने की परंपरा निभाई।
इस मौके पर उन्होंने पारिवारिक परंपराओं एवं रीति-रिवाज का पालन करते हुए अपने दिवंगत माता की स्मृति से जुड़े पारंपरिक संस्कारों को भी निभाया।
उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने भोजन बनाकर उन्हें पत्तल पर दिया। अपने परिजनों के साथ मुख्यमंत्री उस भोजन को लेकर निकले और अपनी दिवंगत माता को अर्पित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

