अपार जनसमूह की उपस्थिति में संपन्न हुआ मुख्यमंत्री की मां रूपी सोरेन का संस्कार भोज

WhatsApp Channel Join Now
अपार जनसमूह की उपस्थिति में संपन्न हुआ मुख्यमंत्री की मां रूपी सोरेन का संस्कार भोज


अपार जनसमूह की उपस्थिति में संपन्न हुआ मुख्यमंत्री की मां रूपी सोरेन का संस्कार भोज


रामगढ़, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की दिवंगत मां रूपी सोरेन का संस्कार भोज कार्यक्रम रविवार को उनके पैतृक गांव नेमरा में अपार जनसमूह की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

इस दुःखद घड़ी में दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करने और शोक संतप्त सोरेन परिवार को ढांढस बंधाने के लिए नेमरा गांव में हजारों लोग पहुंचे।

इस मौके पर देश और राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के कई गणमान्य लोग, राजनीतिक दलों के नेता, मंत्री, सांसद, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ताओं का दिनभर आना-जाना लगा रहा।

कई अतिविशिष्ट एवं विशिष्ट अतिथियों ने नेमरा पहुंचकर दिवंगत रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभी ने सोरेन परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

शोक की इस घड़ी में भी मुख्यमंत्री ने एक सजग और संवेदनशील मेजबान की भूमिका निभाई। उन्होंने स्वयं कार्यक्रम स्थल की तमाम व्यवस्थाओं की निगरानी की ताकि दूर-दराज से आने वाले किसी भी आगंतुक को असुविधा न हो। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में पहुंचे प्रत्येक विशिष्ट अतिथि और आम जनमानस से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की, उनका अभिवादन स्वीकार किया और दुःख की इस घड़ी में साथ खड़े होने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

हजारों की संख्या में जुटी भीड़, वीवीआईपी एवं वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस बल ने सुरक्षा एवं यातायात की कमान पूरी तरह संभाल रखी थी। नेमरा गांव और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के अभूतपूर्व और कड़े इंतजाम किए गए थे। वाहनों की पार्किंग, सुचारू यातायात, और लोगों के बैठने और भोजन की व्यवस्था को बेहद अनुशासित तरीके से संचालित किया गया। लोगों को जानकारी देने के लिए माइक से लगातार अनाउंसमेंट किया जा रहा था। योजनाबद्ध तरीके से सारी व्यवस्थाएं की गई थी, जिस वजह से आगंतुकों को कई असुविधा नहीं हुई। प्रशासन की मुस्तैदी के कारण इतने बड़े आयोजन में कहीं भी किसी प्रकार की अव्यवस्था देखने को नहीं मिली और पूरा कार्यक्रम अत्यंत शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

संस्कार भोज कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री और उनके परिवार की ओर से इस दुःखद समय में संबल प्रदान करने वाले सभी नागरिकों, शुभचिंतकों, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस कर्मियों के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763238 Articles

Share this story