झारखंड स्थापना दिवस पर 43 पुलिस अधिकारी और कर्मी वीरता एवं सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड स्थापना दिवस पर 43 पुलिस अधिकारी और कर्मी वीरता एवं सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित


-मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खेलगांव में किया सम्मानित, आठ आईपीएस अधिकारियों को भी मिला पदक-आईजी अभियान नरेंद्र कुमार सिंह और रांची एसएसपी राकेश रंजन को वीरता पदक से नवाजा गया

रांची, 28 नवंबर (हि.स.)। झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह-2026 और वर्तमान सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को रांची के खेलगांव में आयोजित समारोह में पुलिस विभाग के 43 अधिकारियों एवं कर्मियों को वीरता और सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को पदक प्रदान कर उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना की। सम्मानित होने वालों में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के आठ अधिकारी भी शामिल हैं।

वीरता पदक से सम्मानित होने वालों में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अभियान नरेंद्र कुमार सिंह और रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन प्रमुख रूप से शामिल हैं। वहीं, सराहनीय सेवा के लिए पदक पाने वाले वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों में आईजी सीआईडी असीम विक्रांत मिंज, डीआईजी अनीश गुप्ता, एटीएस एसपी राजकुमार मेहता, एसपी अभियान (नक्सल) दीपक कुमार शर्मा, एसपी गोड्डा मुकेश कुमार और एआईजी-सह-डीजी के विशेष सहायक दीपक कुमार पांडेय शामिल हैं।

पुलिस विभाग की ओर से जारी सूची के अनुसार, वीरता पदक के लिए 13 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को नामित किया गया है। वरिष्ठता क्रम में इनमें तत्कालीन डीआईजी हजारीबाग और वर्तमान आईजी (अभियान) नरेंद्र कुमार सिंह तथा तत्कालीन एसपी चतरा और वर्तमान एसएसपी रांची राकेश रंजन शामिल हैं।

इनके अलावा पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) प्रकाश सोय और डीएसपी नीरज कुमार को भी वीरता पदक के लिए नामित किया गया है। प्रकाश सोय वर्तमान में धनबाद में विधि व्यवस्था डीएसपी के पद पर कार्यरत हैं, जबकि नीरज कुमार रांची के हटिया में पदस्थापित हैं।

इंस्पेक्टर श्रेणी में सनोज कुमार चौधरी को वीरता पदक के लिए नामित किया गया है। वह वर्तमान में रांची जिले में पदस्थापित हैं। सब इंस्पेक्टर श्रेणी में राजीव कुमार, दिव्य प्रकाश, सुभाष चंद्र लकड़ा, सोनू कुमार साहू, शंकर प्रसाद कुशवाहा, राजबल्लभ कुमार और शिवलाल गुप्ता के नाम शामिल हैं। इनमें राजीव कुमार वर्तमान में बोकारो, दिव्य प्रकाश हजारीबाग, सुभाष चंद्र लकड़ा पलामू, सोनू कुमार साहू गिरिडीह, शंकर प्रसाद कुशवाहा जमशेदपुर, राजबल्लभ कुमार हजारीबाग और शिवलाल गुप्ता रामगढ़ जिले में पदस्थापित हैं।

वहीं, आरक्षी श्रेणी में प्रकाश कुमार यादव को वीरता पदक के लिए नामित किया गया है। वह चतरा जिले में पदस्थापित रहे हैं।

सराहनीय सेवा पदक के लिए नामित अधिकारियों में वरिष्ठता क्रम के अनुसार आईजी सीआईडी असीम विक्रांत मिंज और डीआईजी अनीश गुप्ता शामिल हैं। अनीश गुप्ता पूर्व में रांची डीआईजी के पद पर कार्यरत थे और वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। इसके अलावा एआईजी-सह-डीजी के विशेष सहायक दीपक कुमार पांडेय, एटीएस एसपी राजकुमार मेहता, एसपी अभियान (नक्सल) दीपक कुमार शर्मा और एसपी गोड्डा मुकेश कुमार को भी सराहनीय सेवा पदक के लिए नामित किया गया है।

पुलिस विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मियों में प्राअनि (आशुलिपिक) मोहम्मद अरशद खां, सब इंस्पेक्टर सुदामा सिंह, सुखराम उरांव, मुकुंद बानरा, असलेम फ्रांसिस सोय, बिहारी मरांडी और ईश्वरी सिंह शामिल हैं। इनमें कई अधिकारी और कर्मी झारखंड जगुआर में पदस्थापित हैं।

सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) श्रेणी में सुबोध कुमार, विनय पांडेय और बंधना उरांव को सराहनीय सेवा पदक के लिए नामित किया गया है। सुबोध कुमार पलामू जिले, विनय पांडेय गढ़वा जिला बल और बंधना उरांव झारखंड जगुआर में कार्यरत हैं।

हवलदार श्रेणी में इसहाक डोडराय, प्रशांत महतो, रमाशंकर कुमार, अमित गुरुंग, एमानुएल टुडू, जारका कोरवा और भूषण शर्मा को पदक के लिए नामित किया गया है। इनमें इसहाक डोडराय, रमाशंकर कुमार, अमित गुरुंग और एमानुएल टुडू झारखंड जगुआर में, प्रशांत महतो गढ़वा, जारका कोरवा सिमडेगा और भूषण शर्मा चतरा जिले में पदस्थापित हैं।

इसी क्रम में हवलदार अंजुला कुजूर को भी सराहनीय सेवा पदक के लिए नामित किया गया है। वह जैप-10 में कार्यरत हैं।

सिपाही श्रेणी में दुर्गा उरांव, कुंवर मुंडा, अजय सिंह, अनूपा कुमारी और सूर्य बहादुर धर्ता को सराहनीय सेवा पदक के लिए नामित किया गया है। इनमें दुर्गा उरांव और कुंवर मुंडा खूंटी, अजय सिंह बोकारो जिले में तथा अनूपा कुमारी और सूर्य बहादुर धर्ता जैप-10 एवं जैप-1 में पदस्थापित हैं।

झारखंड स्थापना दिवस और सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित कर राज्य सरकार ने पुलिस बल के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को सम्मान दिया।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784847 Articles

Share this story