खेलगांव शूटिंग रेंज की बदहाल व्यवस्था पर सख्त हुए मुख्यमंत्री, विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित करने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
खेलगांव शूटिंग रेंज की बदहाल व्यवस्था पर सख्त हुए मुख्यमंत्री, विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित करने के दिए निर्देश


खेलगांव शूटिंग रेंज की बदहाल व्यवस्था पर सख्त हुए मुख्यमंत्री, विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित करने के दिए निर्देश


रांची, 06 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को रांची के खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेंज की आधारभूत संरचना, रखरखाव, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता, खिलाड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। परिसर की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सुधार कार्य पूरा करने और शूटिंग रेंज को विश्वस्तरीय सुविधाओं के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने 10, 25 और 50 मीटर शूटिंग रेंज का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण, सुरक्षा मानकों, अभ्यास व्यवस्था और आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान विभागीय मंत्री सुदिव्य कुमार भी उपस्थित रहे।

हेमंत सोरेन ने इस मौके पर कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है और राज्य के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। ऐसे में उन्हें विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, अत्याधुनिक खेल सुविधाएं और बेहतर अभ्यास का वातावरण उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को प्रशिक्षण व्यवस्था और सुदृढ़ करने तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी समान अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का भी प्रभावी साधन है। उन्होंने शूटिंग रेंज के समग्र विकास के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर उसका समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने, उपकरणों के उन्नयन, नियमित रखरखाव और तकनीकी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से झारखंड के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए राज्य में ही बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने शूटिंग राइफल से निशाना लगाकर रेंज की कार्यप्रणाली का भी अनुभव लिया। उन्होंने वहां अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से बातचीत कर प्रशिक्षण, उपकरणों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए अग्निशामक यंत्र और फायर हाइड्रेंट से संबंधित मॉक ड्रिल की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से मॉक ड्रिल आयोजित करने, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा सुरक्षा संबंधी सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story