स्वतंत्रता दिवस पर दुमका में राज्यपाल और मोरहाबादी में मुख्यमंत्री फहराएंगे तिरंगा
- रांची में ट्रैफिक डायवर्जन के साथ कड़ी सुरक्षा, करीब तीन हजार जवान तैनात
रांची, 14 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार दुमका में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, जबकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रांची के मोरहाबादी मैदान में तिरंगा फहराएंगे। मुख्य समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मोरहाबादी मैदान और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक आनंद कुमार ने बताया कि मोरहाबादी मैदान में मुख्य अतिथि का आगमन सुबह 8:55 बजे होगा। इसके बाद सुबह 9 बजे संयुक्त परेड का निरीक्षण किया जाएगा। परेड निरीक्षण के बाद राष्ट्रीय गीत, ध्वजारोहण और राष्ट्रगान का कार्यक्रम होगा। इसके बाद मुख्यमंत्री राज्य की जनता को संबोधित करेंगे। समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को सम्मानित भी किया जाएगा।
आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री की ओर से राज्य की जनता के लिए कुछ नई घोषणाएं किए जाने की भी संभावना है।
विधानसभा परिसर में 9:30 बजे होगा ध्वजारोहण
रांची स्थित विधानसभा परिसर में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो सुबह 9:30 बजे परिसर में तिरंगा फहराएंगे।
राज्य के विभिन्न जिला मुख्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान झंडोत्तोलन की जिम्मेदारी मंत्रियों को सौंपी गई है। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) की ओर से जारी व्यवस्था के अनुसार पलामू (डालटनगंज) में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर और मंत्री दीपक बिरुआ, पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) में मंत्री चमरा लिंडा तथा गुमला में भी मंत्री चमरा लिंडा ध्वजारोहण करेंगे।
वहीं, गोड्डा में मंत्री संजय प्रसाद यादव, जामताड़ा में मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, देवघर में मंत्री हफीजुल हसन, पाकुड़ में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, बोकारो में मंत्री योगेंद्र प्रसाद, गिरिडीह में मंत्री सुदिव्य कुमार और लोहरदगा में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी।
मौसम में बारिश की संभावना को देखते हुए रांची के मोरहाबादी मैदान के चारों ओर शेड लगाए गए हैं। आम लोगों की सुविधा के लिए पेयजल और बिजली की भी विशेष व्यवस्था की गई है।
सुबह छह बजे से बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को देखते हुए रांची में यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक एसपी) कार्यालय की ओर से जारी रूट प्लान के अनुसार 15 अगस्त को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक बड़े वाहनों के रांची शहरी क्षेत्र में प्रवेश पर रोक रहेगी।
मोरहाबादी मैदान में मुख्य समारोह सुबह 9 बजे से शुरू होगा। वीआईपी मूवमेंट, सुरक्षा व्यवस्था और आम लोगों के आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर बड़े वाहनों को रोकने और डायवर्ट करने की व्यवस्था की गई है।
कांके से आने वाले बड़े वाहनों को बोड़ेया में रोका जाएगा। चाईबासा-खूंटी की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को बिरसा चौक पर नियंत्रित किया जाएगा। गुमला-सिमडेगा की ओर से आने वाले वाहनों को अरगोड़ा और कटहल मोड़ की ओर डायवर्ट या नियंत्रित किया जाएगा। अन्य बड़े वाहनों को आईटीबीआई बस पड़ाव के पास नियंत्रित किया जाएगा।
जमशेदपुर से आने वाले बड़े वाहनों को दुर्गा सोरेन चौक, नामकुम में रोका जाएगा। सदाबहार चौक होकर आने वाले वाहनों के लिए भी वहीं व्यवस्था रहेगी। कांके पतरा की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को लॉ यूनिवर्सिटी के पास नियंत्रित किया जाएगा।
बूटी मोड़ से बरियातू की ओर जाने वाले वाहनों को बूटी मोड़ पर नियंत्रित किया जाएगा, जबकि खेलगांव की ओर आने वाले वाहनों को खेलगांव चौक पर रोका जाएगा। तिलता चौक से रिंग रोड होते हुए पिपराकोना मोड़ की ओर आने वाले वाहनों के लिए पंडरा बाजार क्षेत्र में नियंत्रण रहेगा।
वीवीआईपी और विशिष्ट अतिथियों के लिए अलग रूट
मुख्यमंत्री के काफिले के लिए एटीआई मोड़ से सिद्धू-कान्हू पार्क मोड़, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक और राजकीय गेस्ट हाउस होते हुए वीवीआईपी प्रवेश द्वार तक का मार्ग निर्धारित किया गया है।
उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों, सांसदों और विधायकों के लिए भी निर्धारित मार्ग से प्रवेश की व्यवस्था की गई है। केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारियों के लिए होटल लिप्स चौक, एटीआई मोड़, रणधीर वर्मा चौक और उपायुक्त आवास चौक होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने की व्यवस्था रहेगी।
अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के लिए पार्किंग
यातायात पुलिस ने समारोह में आने वाले विभिन्न श्रेणी के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। मुख्यमंत्री के काफिले के वाहनों की पार्किंग मुख्य मंच के पीछे होगी। अधिकारियों के वाहनों के लिए मंच के पश्चिम में नीलांबर-पीतांबर पार्क यानी ऑक्सीजन पार्क के बगल में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
नागरिक वाहनों के लिए मुख्य मंच के पश्चिम में बने पार्किंग स्थल का उपयोग किया जाएगा। हरा पास वाले वाहनों के लिए बापू वाटिका के सामने पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। मीडिया कर्मियों के वाहनों के लिए हॉकी स्टेडियम के उत्तर में बापू वाटिका के सामने, आर्मी ग्राउंड से सटे पार्किंग स्थल को निर्धारित किया गया है। सामान्य वाहनों के लिए टीओआरआई के सामने मैदान में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
ड्रॉप गेट पर भी रहेगी निगरानी
मोरहाबादी क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करने के लिए कई ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। ड्रॉप गेट नंबर 1, 3, 7, 9, 18, 20 और 23 से वीआईपी, पदाधिकारी, मीडिया, पासधारी और मुख्यमंत्री के काफिले से जुड़े वाहनों को निर्धारित अनुमति के अनुसार प्रवेश दिया जाएगा। वहीं, ड्रॉप गेट नंबर 2, 4, 5, 8, 13, 16, 19 और 25 से सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने लोगों से निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।
डीसी आवास से हॉकी स्टेडियम तक पार्किंग प्रतिबंधित
ट्रैफिक प्लान के अनुसार, उपायुक्त आवास मोड़ से हॉकी स्टेडियम तक किसी भी प्रकार की पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा रांची कॉलेज मोड़ से वीवीआईपी प्रवेश गेट तक भी पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
मोरहाबादी में करीब तीन हजार जवान तैनात
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के ध्वजारोहण और मुख्य समारोह को लेकर मोरहाबादी मैदान में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। करीब तीन हजार पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) समेत अन्य सुरक्षा बल भी तैनात रहेंगे।
रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने शुक्रवार को बताया कि समारोह को लेकर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर लगातार निगरानी कर रही हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

