मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने की पंचायत एवं ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा
रांची, 27 मई (हि.स.)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बुधवार को पंचायती राज विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में पंचायती राज विभाग एवं ग्रामीण कार्य विभाग के तहत संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों की आधारभूत संरचना, सड़क संपर्क, पंचायत स्तरीय सेवाओं और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास के लिए बेहतर कार्ययोजना बनाकर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में पंचायती राज एवं ग्रामीण कार्य विभाग की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह भी उपस्थित रहीं।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने पंचायत स्तर पर पारदर्शिता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पंचायतों के माध्यम से बाल विवाह और महिला हिंसा की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए तथा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाई जाए।
मुख्यमंत्री ने पंचायत भवनों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार करने तथा सूखे एवं गीले कचरे के पृथक्करण के लिए लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने प्लास्टिक कचरे के पृथक्करण और उसके उचित निस्तारण पर भी विशेष बल दिया।
इसके साथ ही उन्होंने पंचायत सचिवालय प्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने तथा पंचायत भवनों में शुद्ध पेयजल, शौचालय, स्वच्छता और विद्युत जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत सचिवालयों से नागरिकों को मिलने वाली सेवाएं समयबद्ध और बिना किसी परेशानी के उपलब्ध होनी चाहिए। उन्होंने डिजिटल सेवाओं के विस्तार और योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ाने पर भी जोर दिया, ताकि ग्रामीण नागरिकों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
उन्होंने ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा पंचायत स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाकर विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।
ग्रामीण कार्य विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीण सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत सड़क संपर्क से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने झारखंड मंत्रालय से ऑनलाइन माध्यम से बरहेट के पंचायत सचिवालय में चल रहे कार्यों की जानकारी भी ली। उन्होंने वहां उपस्थित महिला लाभुक से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव मनोज कुमार, निदेशक पंचायती राज राजेश्वरी बी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

