परिसीमन विधेयक पर झामुमो की बैठक, सांसदों को बारीकी से अध्ययन का निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
परिसीमन विधेयक पर झामुमो की बैठक, सांसदों को बारीकी से अध्ययन का निर्देश


परिसीमन विधेयक पर झामुमो की बैठक, सांसदों को बारीकी से अध्ययन का निर्देश


रांची, 28 नवंबर (हि.स.)। केंद्र सरकार की ओर से 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाने की घोषणा के बाद परिसीमन विधेयक को लेकर शनिवार देर शाम रांची में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दल के सांसदों के साथ बैठक की।

करीब एक घंटे तक चली इस बैठक में परिसीमन बिल के प्रावधानों और झारखंड के हितों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सभी सांसदों को बिल का बारीकी से अध्ययन करने और संसद में पार्टी की रणनीति के अनुरूप अपनी भूमिका निभाने का निर्देश दिया है।

बैठक में शामिल होने के बाद झामुमो की राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने मीडिया से कहा, अभी-अभी डॉक्यूमेंट्स मिले हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हमें सलाह दी है कि बिल को सावधानी और विस्तार से पढ़ा जाए। मुख्यमंत्री जी भी अपने स्तर से इसे देख रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा, बिल का सारा विवरण पिछली रात पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया था, जिसमें इसके प्रावधान और इसमें क्या है, यह सब समझाया गया था। हमें इस पर विशेषज्ञों की राय लेंगे। ताकि यह तय किया जा सके कि यह राज्य के हित में है या नहीं। पार्टी के रूख पर उन्होंने कहा, अभी कुछ भी कहना जल्दीबाजी होगी। सभी तथ्यों को समझने के बाद कुछ कहा जा सकता है।

राज्यसभा के सांसद बैद्यानाथ राम ने कहा है कि पर्याप्त समय है अध्ययन करने के लिए। 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने की बातें हो रही हैं। अगर उसी अनुपात में एसटी, एससी की सीटें बढ़ेंगी, तो हम इसे देखेंगे। उसी आधार पर झामुमो अपना सामूहिक फैसला लेगा। बैठक में राज्यसभा के सांसद सरफराज अहमद ने मीडिया से कहा, बिल पर स्टडी करने को कहा गया है। अभी इसमें कई बातें हैं। सीटें बढ़नी है, तो उसी अनुरूप देखेंगे। लेकिन अंतिम तौर फैसला मुख्यमंत्री ही लेंगे।

उल्लेखनीय है कि हेमंत सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष हैं। पार्टी में लोकसभा के तीन और राज्यसभा के तीन सांसद हैं। फिलहाल झामुमो इंडी गठबंधन का हिस्सा है और राज्य में कांग्रेस, राजद, भाकपा माले के सहयोग से हेमंत सोरेन सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785065 Articles

Share this story