झारखंड के 3,044 युवाओं को मुख्यमंत्री ने सौंपे नियुक्ति पत्र, 500 जाएंगे यूएई और दुबई

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड के 3,044 युवाओं को मुख्यमंत्री ने सौंपे नियुक्ति पत्र, 500 जाएंगे यूएई और दुबई


झारखंड के 3,044 युवाओं को मुख्यमंत्री ने सौंपे नियुक्ति पत्र, 500 जाएंगे यूएई और दुबई


झारखंड के 3,044 युवाओं को मुख्यमंत्री ने सौंपे नियुक्ति पत्र, 500 जाएंगे यूएई और दुबई


- युवाओं के हुनर को निखारकर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना सरकार का लक्ष्य : मुख्यमंत्री

रांची, 23 नवंबर (हि.स.)। झारखंड के 3,044 युवक-युवतियों को सोमवार को रोजगार की सौगात मिली। प्रोजेक्ट भवन में आयोजित मुख्यमंत्री कौशल रोजगार सम्मान एवं नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रशिक्षित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य के अधिक से अधिक युवाओं के हुनर को निखारकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना सरकार का लक्ष्य है। इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण एवं अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में प्रेझा फाउंडेशन (विशेष प्रयोजन वाहिनी) के माध्यम से प्रशिक्षित युवक-युवतियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। नियुक्ति पाने वालों में कल्याण गुरुकुल से प्रशिक्षित 2,014, नर्सिंग कौशल कॉलेज के 746 और आईटीआई कौशल कॉलेज के 284 युवा शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय की जरूरतों के अनुरूप युवाओं का कौशल विकास करना आवश्यक है। उनके हुनर को तराशकर इस योग्य बनाना होगा कि वे अपने पैरों पर खड़े होकर बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकें। उन्होंने कहा कि पहले इंजीनियरिंग की चार साल की पढ़ाई पूरी करने के बाद कैंपस चयन के माध्यम से युवाओं को आसानी से नौकरी मिल जाती थी, लेकिन अब परिस्थितियां बदल गई हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का दौर पूरी दुनिया के सामने है। ऐसे में शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल भी बेहद जरूरी हो गया है।

हेमंत सोरेन ने झारखंड में स्थापित हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचईसी) का उदाहरण देते हुए कहा कि कभी इस संस्थान को मदर फैक्ट्री के रूप में जाना जाता था। देश के कई बड़े उद्योगों की स्थापना में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है, लेकिन समय के साथ खुद को नहीं बदल पाने के कारण आज इसकी स्थिति बदल गई है। सफलता के लिए समय और तकनीक के अनुरूप बदलाव जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी युवा के पास कौशल और हुनर है तो वह कभी कमजोर नहीं होगा। उसके सामने भूखे रहने की नौबत नहीं आएगी। वह अपने हुनर के दम पर न केवल अपना, बल्कि अपने परिवार और समाज का जीवन भी बेहतर बना सकता है। उन्होंने बताया कि प्रेझा फाउंडेशन के माध्यम से इस अवसर पर एमओयू पर हस्ताक्षर भी किए गए हैं। इससे युवाओं को नई तकनीक से जुड़कर रोजगार हासिल करने के नए अवसर मिलेंगे।

हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड के प्रशिक्षित युवक-युवतियां अपने कौशल के दम पर देश और विदेश में पहचान बना रहे हैं। नर्सिंग के क्षेत्र में महिलाओं के ही काम करने की पारंपरिक धारणा को बदलते हुए राज्य सरकार ने पुरुषों को भी स्टाफ नर्स के रूप में प्रशिक्षित करने का निर्णय लिया है। कई बड़े और छोटे अस्पतालों में पुरुष स्टाफ नर्स बड़ी संख्या में काम कर रहे हैं। इसी तरह टेक्सटाइल उद्योग में भी अब पुरुषों के लिए रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब महिला और पुरुष के काम में कोई भेदभाव नहीं रह गया है। महिलाएं भी पुरुषों की तरह नाइट शिफ्ट और ओवरटाइम में काम कर रही हैं।

मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का माहौल तैयार किया जा रहा है और इन विद्यालयों की संख्या बढ़ाई जा रही है। इसके साथ ही राज्य के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य और देश-विदेश के विभिन्न संस्थानों में कार्यरत झारखंड के प्रशिक्षित युवाओं से संवाद किया और उनके रोजगार एवं कार्य अनुभव की जानकारी ली। उन्होंने दुबई में काम कर रहे गुमला जिले के राजधन उरांव से वर्चुअल माध्यम से बातचीत कर उनके अनुभव जाने। इस अवसर पर बताया गया कि राज्य के 500 युवा संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और दुबई में रोजगार के लिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही प्रशिक्षण, अवसर और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। सरकार इसी दिशा में काम कर रही है, जिससे कि राज्य के युवा अपने कौशल के दम पर देश और विदेश में रोजगार हासिल कर सकें।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782121 Articles

Share this story