वर्ष 2050 तक झारखंड को देश के विकसित और अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाना लक्ष्य : हेमंत सोरेन
-मुख्यमंत्री ने युवाओं से विकास में सहभागी बनने का किया आह्वान-महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने पर दिया जोर
रांची, 28 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि वर्ष 2050 तक झारखंड को देश के विकसित और अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल करना सरकार का लक्ष्य है। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के माध्यम से राज्य के विकास को नई गति देने का प्रयास किया गया है। अब विकास की रफ्तार तेज करते हुए झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों के समकक्ष खड़ा करना है।
मुख्यमंत्री शनिवार को रांची के खेलगांव में झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के समापन और राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि खेल, कला, संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में राज्य के युवाओं में अपार संभावनाएं हैं। झारखंड में संसाधनों और अवसरों की कमी नहीं है। जरूरत दृढ़ संकल्प, ईमानदार सोच और सामूहिक प्रयास की है। राज्य की सवा तीन करोड़ आबादी, विशेषकर युवाओं के भविष्य को लेकर अबुआ सरकार प्रतिबद्ध है। झारखंड ने अपनी अलग पहचान बनाई है और अब विकास के हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित करते हुए नई ऊंचाइयां हासिल करनी हैं।
मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, नीलांबर-पीतांबर, कार्तिक उरांव और दिशोम गुरु शिबू सोरेन सहित राज्य के अनेक मार्गदर्शकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि राज्य के सवा तीन करोड़ लोग गर्व से स्वयं को झारखंड का नागरिक मानते हैं। अलग राज्य के लिए संघर्ष करने वाली पीढ़ी के कई क्रांतिकारी अगुआ और मार्गदर्शक अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन राज्य का 26वां स्थापना दिवस नई पीढ़ी और युवाओं के लिए संकल्प लेने का अवसर है।
हेमंत सोरेन ने कहा कि जल, जंगल और जमीन केवल पहाड़, जंगल या नदी-नाले नहीं हैं, बल्कि जीवन का आधार हैं। इन्हें संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों को बेहतर भविष्य देना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि झारखंड ने अपनी खनिज संपदा के माध्यम से सदियों तक देश और दुनिया को समृद्ध किया, लेकिन दुर्भाग्य से राज्य के आदिवासी और मूलवासी अपने हक-अधिकार तथा विकास की दौड़ में पीछे रह गए। अब नई पीढ़ी को इस पिछड़ेपन को दूर कर झारखंड को अग्रणी राज्यों की पंक्ति में खड़ा करने का संकल्प लेना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 वर्षों के राजनीतिक उतार-चढ़ाव के बावजूद अलग राज्य बनने के बाद लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटी है। स्थापना दिवस पखवाड़े के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों, पंचायतों और गांवों से आई महिलाओं ने स्टॉल लगाकर स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया। हाल ही में दिल्ली ट्रेड फेयर के झारखंड पवेलियन में भी महिलाओं ने अपने हुनर और उत्पादों का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को उचित बाजार दिलाने, उनकी जीआई टैगिंग और घर बैठे ऑनलाइन खरीद-बिक्री की व्यवस्था की जा रही है। सरकार जमीनी हकीकत, गरीबी और शिक्षा के स्तर को समझकर योजनाएं बना रही है।
उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 11वीं कक्षा के बाद उच्च शिक्षा में प्रवेश के समय आर्थिक कठिनाइयों का सामना करने वाले विद्यार्थियों को सहायता दी जा रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मोबाइल और लैपटॉप जैसी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड में विकास की गति देर से शुरू होने के कारण कई राज्य आगे निकल गए, लेकिन अब यहां भी बदलाव आ रहा है। उन्होंने युवाओं से राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड इस दिशा में मिसाल कायम कर रहा है। राज्य सरकार महिलाओं और बहनों को सम्मान राशि देकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का काम कर रही है। एक ही परिवार में एक से अधिक पात्र महिलाएं होने पर भी सभी को योजना का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 50 लाख से अधिक परिवारों की महिलाओं तक 10-10 हजार रुपये तक की राशि पहुंचने से उनके जीवन में आर्थिक आत्मनिर्भरता और सशक्तीकरण का नया अध्याय जुड़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड लंबे संघर्ष और बलिदान के बाद बना राज्य है। अपने हक-अधिकार के लिए कानूनी और राजनीतिक, हर तरह का संघर्ष करने में राज्य सक्षम है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस पखवाड़े में राज्य के विभिन्न जिलों और सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आई महिलाओं और महिला समूहों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री की। इससे उन्हें बड़ा बाजार मिला है। लोग उनके उत्पादों को देखकर प्रेरित हो रहे हैं और बिक्री से महिला समूहों को आर्थिक मजबूती मिल रही है।
समारोह के दौरान जेलों में बंदियों के साथ मानवीय व्यवहार से संबंधित पुस्तिका ‘द झारखंड प्रिजन जर्नल 2025’ का विमोचन किया गया। वहीं, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से निर्मित फिल्म ‘अरण्य’ का टीजर भी प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को सम्मानित किया। पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को उनकी सेवाओं के लिए झारखंड मुख्यमंत्री पदक से अलंकृत किया गया। राज्य के विभिन्न जिलों में अलग-अलग विभागों में बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों और कलाकारों को भी सम्मानित किया गया। मैट्रिक, इंटर और इंजीनियरिंग सहित विभिन्न परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद राशि और लैपटॉप देकर प्रोत्साहित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल के निकट विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और उनकी गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी ली। इस दौरान विभागों की ओर से प्रस्तुत योजनाओं और कार्यक्रमों की सराहना की गई।
समारोह में मंत्री राधाकृष्ण किशोर, दीपक बिरुआ, चमरा लिंडा, संजय प्रसाद यादव, डॉ. इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, योगेंद्र प्रसाद और शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, रांची की महापौर रोशनी खलखो, विधायक कल्पना सोरेन, सुरेश कुमार बैठा और ममता देवी, झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह सहित विभिन्न जिलों से आए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

