एसबीयू में क्लाइमाथॉन का समापन, छात्रों ने जलवायु चुनौतियों के समाधान पेश किए
रांची, 24 मार्च (हि.स.)। रांची स्थित सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) के सिविल एवं पर्यावरण अभियांत्रिकी विभाग में राष्ट्रीय जलवायु परिवर्तन रणनीतिक ज्ञान मिशन के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण सह क्लाइमाथॉन का मंगलवार को सफल समापन हुआ।
इस कार्यक्रम का संचालन विकास और मानवीय कार्यों के माध्यम से सामाजिक पहल (सोशल इनिशिएटिव थ्रू डेवलपमेंट एंड ह्यूमैनिटेरियन एक्शन) (सीधा) द्वारा किया गया, जिसमें छात्रों ने झारखंड की जलवायु संबंधी चुनौतियों के समाधान प्रस्तुत किए।
इम्पैक्ट कैनवास प्रतियोगिता के तहत कुल 12 छात्र समूहों ने खाद्य, जल, अपशिष्ट, वन, स्वास्थ्य, जेंडर, खनन, ऊर्जा, उद्योग, परिवहन, आपदा प्रबंधन और पारंपरिक पारिस्थितिकी ज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर समाधान आधारित रोडमैप पेश किए।
प्रतियोगिता में टीम फॉरेस्ट को प्रथम स्थान, टीम ट्रेडिशनल इकोसिस्टम नॉलेज को द्वितीय स्थान और टीम वाटर को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। विजेता टीमों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. पंकज गोस्वामी, डॉ. वीएनएल दुर्गा, डॉ. आलोक कुमार और हेमंत कुमार द्वारा नवाचार, प्रभावी प्रस्तुति और उपयोगिता के आधार पर किया गया।
इस अवसर पर एसबीयू के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान और राज्यसभा सांसद सह निदेशक प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समापन समारोह में एसबीयू के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन, कुलसचिव प्रो. श्रीधर डांडिन, डीन प्रो. विजय कुमार सिंह सहित विश्वनाथ शाह, रवि रंजन और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

