करबला टैंक रोड पर चला सफाई अभियान, जाम नाले की सफाई से बहाल हुई जल निकासी व्यवस्था

WhatsApp Channel Join Now
करबला टैंक रोड पर चला सफाई अभियान, जाम नाले की सफाई से बहाल हुई जल निकासी व्यवस्था


रांची, 21 जुलाई (हि.स.)। राजधानी रांची के करबला टैंक रोड स्थित सेंट जॉन स्कूल और भारतीय एकता कमेटी के मुख्य कार्यालय के समीप मंगलवार को विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लंबे समय से जाम पड़े नाले की व्यापक सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को बहाल किया गया। रांची नगर निगम की टीम की मौजूदगी में हुए इस अभियान के बाद नाले में पानी का प्रवाह सामान्य हो गया, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि नाले की सफाई के बाद जल निकासी व्यवस्था में सुधार आया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शेष बचा कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा, ताकि भविष्य में जलजमाव की समस्या उत्पन्न न हो।

यह अभियान वार्ड संख्या 16 के पार्षद तथा वार्ड संख्या 17 के पार्षद प्रतिनिधि मोहम्मद सलाउद्दीन संजू की पहल पर चलाया गया। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए जनप्रतिनिधियों और नगर निगम की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

सामाजिक संगठन भारतीय एकता कमेटी ने भी अभियान की सराहना की। संगठन के मुख्य सचिव रामेश्वर राम और संस्थापक अध्यक्ष गुलाम मुस्तफा ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और रांची नगर निगम के समन्वित प्रयास से आम नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है। उन्होंने कहा कि समय पर नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने से बरसात के दौरान लोगों को काफी राहत मिलेगी।

उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि शहर के विभिन्न इलाकों में जलजमाव और गंदगी जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story