रामनवमी और चैती छठ को लेकर व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
रांची, 22 मार्च (हि.स.)। श्री महावीर मंडल बड़ा तालाब, रांची की बैठक रविवार को दुर्गा मंदिर परिसर में संरक्षक रवि कुमार पिंकू की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में वर्ष 2026 के चैती छठ पूजा और श्री रामनवमी महोत्सव की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। बैठक में समिति के मुख्य संरक्षक राजीव रंजन मिश्रा ने नगर निगम प्रशासन से सभी अखाड़ों, मंदिरों और तालाबों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त रहना बेहद जरूरी है। मिश्रा ने निगम प्रशासन से समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने का आग्रह किया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही 23 मार्च को आयोजित होने वाले सम्मान समारोह में राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों के नेतृत्वकर्ताओं, अखाड़ाधारियों और रामभक्तों को दुर्गा मंदिर, बड़ा तालाब परिसर में आमंत्रित किया गया।
बैठक में लंकेश सिंह, गोपाल पारीक, कैलाश पारीक, राजीव सिंह, इंदर सिंह, रंजीत चौरसिया, कैलाश सहानी, छोटू वर्मा और जोगेंद्र शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

