एसआईआर के विरोध में झारखंड में आंदोलन तेज करेंगे छात्र और सामाजिक संगठन

WhatsApp Channel Join Now
एसआईआर के विरोध में झारखंड में आंदोलन तेज करेंगे छात्र और सामाजिक संगठन


रांची, 16 अक्टूबर (हि.स.)। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी), ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और अन्य छात्र एवं सामाजिक संगठनों ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में दिल्ली में हो रहे प्रदर्शनों को रोके जाने, प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी और पुलिस की कथित बर्बरता के खिलाफ आवाज उठाई है। गुरुवार को रांची प्रेस क्लब में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में संगठनों ने आने वाले दिनों में आंदोलन तेज करने और झारखंड में भी व्यापक अभियान चलाने की घोषणा की।

प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक अधिकार है। इसके बावजूद दिल्ली में प्रदर्शनकारियों, वकीलों और स्वतंत्र पत्रकारों को हिरासत में लिए जाने की घटनाएं चिंता का विषय हैं। वक्ताओं ने प्रदर्शन में शामिल महिलाओं के साथ कथित अभद्रता का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

प्रेस वार्ता में बताया गया कि सीजेपी झारखंड के संस्थापक यशवीर सिंह विक्टोरियन पार्लियामेंट में भारत से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाने का प्रयास करेंगे। इनमें एसआईआर, मतदाता अधिकार, महिला सुरक्षा और पुलिस की कथित बर्बरता जैसे विषय शामिल हैं। संगठनों का कहना है कि इन मुद्दों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाकर लोगों का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की जाएगी।

दिल्ली में तिरंगा यात्रा रोके जाने और प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी से जुड़े सवाल पर सीजेपी की कायनात अंजुम ने कहा कि रांची में भी तिरंगा यात्रा निकालने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, भारी बारिश और लोगों को आवागमन में हो रही परेशानियों के कारण इसे रद्द करना पड़ा। उन्होंने बताया कि अगले एक-दो दिनों में तिरंगा यात्रा के आयोजन को लेकर आगे की रणनीति स्पष्ट की जाएगी।

वक्ताओं ने कहा कि संविधान की रक्षा, मतदाता अधिकार, महिलाओं के सम्मान, छात्रों के अधिकार और महंगाई जैसे मुद्दों पर देशव्यापी आंदोलन की जरूरत है। उन्होंने किसान आंदोलन का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह उस आंदोलन में विभिन्न जनहित के मुद्दे उठाए गए थे, उसी तरह मौजूदा आंदोलन में भी कई विषयों को शामिल किया जा रहा है।

संगठनों ने चुनाव आयोग से जुड़े अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि एसआईआर और मतदाता अधिकारों से संबंधित मुद्दों पर विरोध करने वालों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थलों में बदलाव और न्यायालय के आदेशों की कथित अनदेखी का मुद्दा भी उठाया।

वक्ताओं ने कहा कि झारखंड में छात्र संगठनों और लोकतांत्रिक संगठनों के साथ मिलकर व्यापक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संविधान की रक्षा, मतदाता अधिकारों और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन जारी रखने की योजना है।

संयुक्त प्रेस वार्ता में सीजेपी की रांची नेता सृष्टि एक्का और कायनात अंजुम, आइसा की झारखंड राज्य सह सचिव संजना मेहता, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआइएसएफ) के रांची जिला अध्यक्ष एहतेशाम प्रवीण, अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (ऐपवा) की राज्य संयोजक नंदिता भट्टाचार्य, झारखंड जनाधिकार महासभा के कार्यकर्ता तथा भारत जोड़ो अभियान के राज्य संयोजक प्रवीर पीटर शामिल हुए।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762755 Articles

Share this story