रांची सिटीजन फोरम ने 10 वार्ड पार्षदों को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
रांची सिटीजन फोरम ने 10 वार्ड पार्षदों को सौंपा ज्ञापन


रांची, 20 जून (हि.स.)। रांची सिटीजन फोरम ने सभी 53 नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों से संवाद स्थापित करने के अपने अभियान के तहत शनिवार को 10 वार्ड पार्षदों से मुलाकात की। इस दौरान फोरम ने उनके वार्डों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, विशेषकर जलजमाव और शहरी आधारभूत सुविधाओं से संबंधित मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा। साथ ही सभी पार्षदों को अंगवस्त्र भेंट कर उनके निर्वाचन में विजय की शुभकामनाएं दी गईं।

फोरम के अध्यक्ष दीपेश निराला के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने वार्ड संख्या 37 से 53 तक के 10 पार्षदों से भेंट कर स्थानीय समस्याओं और विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। फोरम ने बरसात के मौसम में शहर में बढ़ रही जलजमाव की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए पुराने जल निकासी मार्गों की पहचान कर अतिक्रमण हटाने तथा नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

मुलाकात के दौरान कई पार्षदों ने यह मुद्दा भी उठाया कि फंड की कमी का हवाला देकर विभिन्न विकास योजनाओं को लंबित रखा जा रहा है। उनका कहना था कि नगर निगम बोर्ड की बैठकों में लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णय अब तक धरातल पर नहीं उतर पाए हैं। इनमें चापाकल बोरिंग और नई स्ट्रीट लाइट लगाने जैसे प्रस्ताव भी शामिल हैं।

फोरम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों, जाम नालों, क्षतिग्रस्त सड़कों, पार्कों की बदहाल स्थिति, खेल मैदानों की कमी, सफाई व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति जैसी समस्याओं की ओर भी जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित कराया।

इस अवसर पर उमाशंकर सिंह, रेणुका तिवारी, मनीष बक्शी, हरीश नागपाल, संतोष मृदुला सहित फोरम के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story