सिटीजन फोरम ने वार्ड पार्षदों से विकास कार्यों में देरी पर जताई चिंता

WhatsApp Channel Join Now
सिटीजन फोरम ने वार्ड पार्षदों से विकास कार्यों में देरी पर जताई चिंता


रांची, 12 जुलाई (हि.स.)। रांची सिटीजन फोरम ने वार्ड पार्षदों से मुलाकात कर रविवार को विकास कार्यों में हो रही देरी पर चिंता जताई। फोरम के अध्यक्ष दीपेश निराला ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि कार्यक्रम के तहत अब तक रांची नगर निगम के 53 में से 50 निर्वाचित वार्ड पार्षदों से उनके क्षेत्रों में जाकर इस तरह की मुलाकात की गई है। फोरम के प्रतिनिधिमंडल ने वार्ड छह की पार्षद मोनिका खलखो, वार्ड 18 की आशा गुप्ता और वार्ड 28 की रश्मि चौधरी को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर ज्ञापन सौंपा।

फोरम के अध्यक्ष दीपेश निराला ने कहा कि चुनाव हुए चार महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक स्थायी समिति, क्षेत्रीय समिति, वार्ड समिति, विषय समिति, तदर्थ समिति और संयुक्त समिति का गठन नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों को केवल फंड की कमी का हवाला देकर रोका जा रहा है, जबकि रांची नगर निगम के आय-व्यय और विभिन्न निधियों की अद्यतन स्थिति सार्वजनिक नहीं की गई है।

वार्ड पार्षदों ने बताया कि दो बोर्ड बैठकें होने के बावजूद विकास योजनाएं आगे नहीं बढ़ सकी हैं। उनका कहना था कि निर्वाचित पार्षदों को अब तक मानदेय भी नहीं मिला है, जिससे झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 के प्रावधानों के अनुपालन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

वार्ड छह की पार्षद मोनिका खलखो ने सामुदायिक भवन के निर्माण और गिफ्ट डीड की भूमि का उपयोग कर क्षेत्र की प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण की आवश्यकता पर बल दिया। प्रतिनिधिमंडल में रेणुका तिवारी, आशीष जायसवाल, कुमार अभिषेक दुबे शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story