शराब घोटाला: एसीबी ने उत्पाद विभाग के तीन अफसरों को भेजा समन
रांची, 29 जुलाई( हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ( एसीबी) ने शराब घोटाले की जांच को तेज करते हुए उत्पाद विभाग के तीन पूर्व अधिकारियों को समन भेजा है। उत्पाद विभाग में पदस्थापित रहे तीनों अधिकारियों से कहा गया है कि चार अगस्त को एसीबी कार्यालय में उपस्थित हो। चार अगस्त को अधिकारियों से पूछताछ होगी।
एसीबी ने जिन चार अधिकारियों को समन भेजा है उनमें उत्पाद विभाग के तत्कालीन संयुक्त आय़ुक्त गजेंद्र सिंह, तत्कालीन महाप्रबंधक (वित्त) सुधीर कुमार दास और पूर्व उत्पाद आय़ुक्त अमित प्रकाश के नाम शामिल हैं।
एसीबी ने जांच के दौरान पूर्व में दर्ज बयानों, उपलब्ध साक्ष्यों का आपस में मिलान किया है। इसके बाद संबंधित अधिकारियों को पूछताछ के लिए समन भेजा गया है। इन अधिकारियों ने पहले जो बयान दिया था और जो दस्तावेज एसीबी ने जुटाये हैं, उसे लेकर भी सवाल पूछे जायेंगे।
उल्लेखनीय है कि एसीबी शराब घोटाले की टेंडर प्रक्रिया से जुड़े अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है। इसमें टेंडर की शर्तें, उनमें किए गए बदलाव, संबंधित अधिकारियों या संस्थाओं की भूमिका और टेंडर में भाग लेने वाली कंपनियों की भूमिका शामिल है।
इसके अलावा कंपनियों द्वारा जमा किये गये बैंक गारंटी, भुगतान, राजस्व वसूली और अन्य वित्तीय दायित्वों से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। एसीबी यह भी जांच कर रहा है कि प्रक्रिया में किसी कमी के कारण सरकारी राजस्व को नुकसान तो नहीं हुआ।
एसीबी के द्वारा शराब की आपूर्ति, दुकानों का हिसाब-किताब, नकद संग्रह, बैंक में राशि जमा कराने, ऑडिट और राजस्व वसूली से जुड़े मामलों की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

