जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते से तीसरे दिन भी सीआईडी ने नौ घंटे तक की पूछताछ

WhatsApp Channel Join Now
जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते से तीसरे दिन भी सीआईडी ने नौ घंटे तक की पूछताछ


रांची, 31 जुलाई (हि.स.)। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा में कथित अनियमितता मामले की जांच के तहत पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते से सीआईडी ने शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन भी लंबी पूछताछ की। करीब नौ घंटे तक चली पूछताछ के बाद देर शाम उन्हें घर जाने की अनुमति दे दी गई। सूत्रों के अनुसार सीआईडी अधिकारियों ने भर्ती प्रक्रिया, परीक्षा संचालन, चयन प्रक्रिया, निजी एजेंसी की भूमिका और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर एल. ख्यांग्ते से विस्तृत पूछताछ की।

जांच एजेंसी उनके जवाबों का मिलान पहले से जब्त दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य आरोपियों के बयानों से कर रही है, ताकि पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ा जा सके। बताया जा रहा है कि एल. ख्यांग्ते शुक्रवार सुबह सीआईडी मुख्यालय पहुंचे, जहां उनसे लगातार तीसरे दिन पूछताछ की गई। सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान मिले दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ रही है। फिलहाल एल. ख्यांग्ते की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जांच की प्रगति को देखते हुए भविष्य में किसी भी कार्रवाई से इनकार नहीं किया जा सकता। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए भी बुलाया जा सकता है।

इससे पहले पहले दिन सीआईडी ने एल. ख्यांग्ते से करीब 8 घंटे और दूसरे दिन लगभग 9 घंटे तक पूछताछ की थी। जांच के दौरान उनसे भर्ती प्रक्रिया, परीक्षा संचालन, निजी एजेंसी की भूमिका और परीक्षा से जुड़े अन्य पहलुओं पर सवाल किए गए थे। जांच के क्रम में उनका पासपोर्ट भी जब्त कर लिया गया है, ताकि जांच पूरी होने तक उनके विदेश जाने की संभावना पर रोक लगाई जा सके।

उल्लेखनीय है कि नोटिस जारी करने से पहले सीआईडी ने कांके रोड स्थित एल. ख्यांग्ते के सरकारी आवास और जेपीएससी कार्यालय में उनके कक्ष में छापेमारी की थी। करीब पांच घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान जांच टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की और आवश्यक साक्ष्य अपने कब्जे में लिए थे। जांच के दौरान जेपीएससी कार्यालय के साथ-साथ परीक्षा संचालन से जुड़ी निजी एजेंसी टीएसआर डाटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) के कार्यालय में भी तलाशी ली गई थी।

सीआईडी ने जेपीएससी कार्यालय से भर्ती परीक्षाओं से संबंधित दस्तावेज, ओएमआर शीट और कंप्यूटरों से डिजिटल साक्ष्य जब्त किए थे। वहीं, टीडीपीएल कार्यालय से भी परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड कब्जे में लिए गए।

इस मामले में सीआईडी अब तक जेपीएससी की उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता समेत 11 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें से पांच आरोपितों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी का कहना है कि मामले से जुड़े हर पहलू की गहन जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story