जेपीएससी परीक्षा अनियमितता मामले में सीआईडी ने टीडीपीएल के तीन कर्मचारी को किया गिरफ्तार, पांच रिमांड पर

WhatsApp Channel Join Now
जेपीएससी परीक्षा अनियमितता मामले में सीआईडी ने टीडीपीएल के तीन कर्मचारी को किया गिरफ्तार, पांच रिमांड पर


रांची, 24 जुलाई (हि.स.)। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की ओर से आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही सीआईडी ने मामले में बड़ी कार्रवाई की है। सीआईडी ने टीएसआर डाटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में हेमंत वर्मा, प्रदीप कुमार सिंह और संजय कुमार शामिल हैं।

सीआईडी के अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में सीआईडी थाना कांड (संख्या 16/2026 ) 22 जुलाई 2026 को दर्ज किया गया था। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपितों हेमंत वर्मा, प्रदीप कुमार सिंह और संजय कुमार को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही रांची पुलिस के सहयोग से रांची के कुछ क्षेत्रों में स्थित दो होटलों में भी छापेमारी की गई, जहां से जांच से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग जुटाए गए हैं।

सीआईडी ने बताया कि इस मामले में पूर्व में गिरफ्तार किए गए पांच आरोपितों उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता, टीएसआर डाटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड रामवीर सिंह, मो उस्मान, मो एबाद और अभय कुमार तिवारी को भी पांच दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान उनसे पूछताछ कर परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के नेटवर्क, तकनीकी प्रक्रिया और अन्य संभावित संलिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

उल्लेखनीय है कि जेपीएससी परीक्षा अनियमितता मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। एसआईटी पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और अब तक मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे भी विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। सीआईडी के अनुसार जांच अभी जारी है और जैसे-जैसे नए तथ्य सामने आएंगे, वैसे-वैसे अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं दूसरी तरफ सीआईडी ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है. यदि किसी व्यक्ति के पास इस मामले से संबंधित कोई सूचना, दस्तावेज या अन्य महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध हो, तो वह मोबाइल नंबर 9934309058 या ई-मेल आईडी कंप्लेंट जेपीएससी स्लैश सीआईडी एट दि रेट जेएच पुलिस डॉट जीओवी डॉट इन पर साझा कर सकता है। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

तीन और कर्मचारियों की गिरफ्तारी के बाद माना जा रहा है कि जेपीएसएसी परीक्षा अनियमितता मामले की जांच अब और व्यापक होगी। सीआईडी इस बात की पड़ताल कर रही है कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी संगठित नेटवर्क, तकनीकी हेरफेर या अन्य व्यक्तियों की क्या भूमिका रही, आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां या बड़े खुलासे होने की सम्भवना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story