जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा गड़बड़ी मामले में सीआईडी ने पटना से राजन कुमार को किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा गड़बड़ी मामले में सीआईडी ने पटना से राजन कुमार को किया गिरफ्तार


रांची, 07 सितंबर (हि.स.)। जेएसएससी-सीजीएल प्रतियोगिता परीक्षा गड़बड़ी मामले में जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) की एसआईटी ने सोमवार को एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। टीम ने पटना निवासी राजन कुमार को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने जेएसएससी - सीजीएल के कई अभ्यर्थियों को पश्चिम बंगाल के नियामतपुर के एक होटल में ले जाकर परीक्षा के प्रश्नों एवं उत्तरों को रटवाया गया था। इस प्रक्रिया के माध्यम से कई अभ्यर्थियों को परीक्षा में अनुचित लाभ पहुंचाया गया तथा उनमें कुछ अभ्यर्थी परीक्षा में सफल भी हुए।

राजन पर मामले में बिचौलिये की भूमिका निभाने का आरोप है। मामले में पहले से गिरफ्तार आरोपियों और कुछ अभ्यर्थियों से पूछताछ के दौरान राजन कुमार का नाम सामने आया था। पूछताछ में मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सीआईडी ने उसकी भूमिका की जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान राजन कुमार के मामले से जुड़े होने के सुराग मिलने के बाद एसआईटी ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद सीआईडी की टीम उससे पूछताछ कर रही है।

पूछताछ में परीक्षा विवाद से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है। यह मामला सीआईडी थाना कांड संख्या 01/2025 से जुड़ा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story