समर कैंप में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

WhatsApp Channel Join Now
समर कैंप में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा


समर कैंप में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा


रामगढ़, 24 मई (हि.स.)। बच्चों की रचनात्मकता, मनोरंजन और सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इनर व्हील क्लब और छावनी परिषद के संयुक्त तत्वावधान में दामोदर बैडमिंटन हॉल में तीन दिवसीय समर कैंप का आयोजन किया गया।

इस कैंप में बच्चों के लिए मनोरंजन, कला, खेल और सीखने से जुड़ी अनेक आकर्षक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने पूरे उत्साह से साथ भाग लिया

समर कैंप का विधिवत शुभारंभ मुख्य अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह ने किया। मौके पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के मानसिक, शारीरिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों के उत्साह और प्रतिभा की सराहना करते हुए आयोजकों के प्रयासों की प्रशंसा की।

तीन दिनों तक चले इस कैंप में बच्चों के लिए कई रोचक गतिविधियों का आयोजन किया गया। मैजिक शो ने बच्चों को आश्चर्य और रोमांच से भर दिया, वहीं आर्ट एंड क्राफ्ट क्लासेस में बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जुंबा और डांस क्लासेस में बच्चों ने संगीत की धुन पर जमकर मस्ती की, जबकि विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं ने उनमें टीम भावना और आत्मविश्वास को बढ़ावा दिया। पूरे कैंप के दौरान बच्चों के चेहरे पर उत्साह और खुशी साफ दिखाई दे रही थी।

समर कैंप को और खास बनाने के लिए बच्चों के खानपान का भी विशेष ध्यान रखा गया। प्रतिदिन बच्चों को उनकी पसंदीदा खाद्य सामग्री जैसे आइसक्रीम, चॉकलेट, फल, चाट, जूस सहित अन्य स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध कराए गए। विशेष रूप से आयोजित आइसक्रीम पार्टी बच्चों के आकर्षण का केंद्र रही, जिसका सभी ने भरपूर आनंद उठाया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में इनर व्हील क्लब रामगढ़ की सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। क्लब की ओर से नमिता श्रॉफ, कोषाध्यक्ष मेघा बगड़िया, नीरू साहनी, अनुराधा श्रॉफ, विजयालक्ष्मी अयंगर, जसबिदर होरा, पिंकी पोद्दार एवं नवलजीत कौर ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं छावनी परिषद की ओर से भी आयोजन को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story