बच्चों ने गुलाब देकर सिखाया सड़क सुरक्षा का महत्व

WhatsApp Channel Join Now
बच्चों ने गुलाब देकर सिखाया सड़क सुरक्षा का महत्व


रांची, 22 नवंबर (हि.स.)। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत सड़क सुरक्षा एवं परिवहन विभाग, रांची और रिलेशंस के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। बरियातू डीएवी स्कूल के पास आयोजित अभियान में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित सफर का संदेश दिया। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले करीब 60 से 70 चालकों को बच्चों ने गुलाब देकर हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों के साथ पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए भी हेलमेट पहनने की अनिवार्यता पर जोर दिया गया। वहीं, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट के इस्तेमाल और यातायात नियमों के पालन की जानकारी दी गई। आयोजकों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय है।

मौके पर डांस वांस नृत्य संस्थान के बच्चों ने अपनी प्रस्तुति और जागरूकता संदेशों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी का एहसास कराया। बच्चों ने गुलाब भेंट कर वाहन चालकों से अपील की कि जीवन अनमोल है और यातायात नियमों की अनदेखी दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) अखिलेश कुमार, सड़क सुरक्षा अभियंता गौरव कुमार, रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी एवं डांस वांस नृत्य संस्थान के निदेशक शिवम मनोहरण मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781611 Articles

Share this story