‘वृद्ध सम्मान, समाज का अभिमान’ विषय पर बच्चों ने प्रस्तुत किया नाटक
रामगढ़, 11 अक्टूबर (हि.स.)। रामगढ़ में नारनौलिया अग्रवाल संघ के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को श्रद्धा, संस्कार और सामाजिक सम्मान का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा अग्रसेन की पूजा-अर्चना से हुई।
संघ के अध्यक्ष रंजन अग्रवाल सपत्नीक मुख्य यजमान के रूप में पूजा में शामिल हुए। पूजा कार्यक्रम की संयोजक संध्या अग्रवाल एवं वीणा अग्रवाल ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
महोत्सव के दौरान बच्चों के लिए रंग भरो प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा और कल्पनाशीलता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता की संयोजक स्वांगी अग्रवाल, आयुषी अग्रवाल और साक्षी अग्रवाल रहीं।
इसके बाद आयोजित फन गेम्स ने माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया। इस आयोजन को सफल बनाने में अंजली अग्रवाल, स्वाती अग्रवाल एवं शगुन अग्रवाल ने अहम भूमिका निभाई।
महोत्सव का सबसे भावुक क्षण ‘वृद्ध सम्मान, समाज का अभिमान’ कार्यक्रम रहा। इसके तहत 72 वर्ष से अधिक आयु के समाज के वयोवृद्ध सदस्यों का पूजन कर उनका सम्मान किया गया और उनसे आशीर्वाद लिया गया।
कार्यक्रम में वयोवृद्धों, वयस्कों और बच्चों की सहभागिता ने पीढ़ियों के बीच आत्मीयता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया। बच्चों ने नाटक के माध्यम से माता-पिता के प्रति संतान के कर्तव्यों, उनके सम्मान और जीवन में संस्कारों के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में सलाहकार समिति के सदस्य अरुण अग्रवाल, मदन अग्रवाल, जयप्रकाश अग्रवाल एवं गौरीशंकर अग्रवाल सहित संघ के अध्यक्ष रंजन अग्रवाल, सचिव गुप्तेश्वर अग्रवाल, उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल सहित अन्य ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

