सरहुल शोभायात्रा के दौरान बिछड़ा बच्चा रांची पुलिस की तत्परता से सुरक्षित परिजनों से मिला

WhatsApp Channel Join Now
सरहुल शोभायात्रा के दौरान बिछड़ा बच्चा रांची पुलिस की तत्परता से सुरक्षित परिजनों से मिला


सरहुल शोभायात्रा के दौरान बिछड़ा बच्चा रांची पुलिस की तत्परता से सुरक्षित परिजनों से मिला


सरहुल शोभायात्रा के दौरान बिछड़ा बच्चा रांची पुलिस की तत्परता से सुरक्षित परिजनों से मिला


रांची, 22 मार्च (हि.स.)। रांची पुलिस की तत्परता से सरहुल की शोभायात्रा के दौरान बिछड़ा एक बच्चा सुरक्षित रूप से अपने परिजनों के पास पहुंच गया।

दरअसल, प्रकृति पर्व सरहुल की शोभायात्रा के दौरान शनिवार रात राजधानी रांची के कचहरी चौक के पास भारी भीड़ में एक छोटा बच्चा अपने परिवार से बिछड़ गया। लावारिस हालत में मिले बच्चे को मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सौंप दिया।

पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए बच्चे को सीसीआर कंट्रोल रूम में सुरक्षित रखा और उसकी पहचान तथा परिजनों की तलाश शुरू कर दी। कंट्रोल रूम से सभी थानों को सूचना भेजी गई, साथ ही वायरलेस और सोशल मीडिया के माध्यम से भी बच्चे के परिवार तक पहुंचने का प्रयास किया गया।

अगले दिन आज (रविवार) सुबह लगभग 10 बजे बच्चे के परिजनों की पहचान हो गई। इसके बाद उसकी दादी और मौसी सीसीआर कंट्रोल रूम पहुंचीं। परिजनों ने बताया कि बच्चे की मां का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि पिता बीमार हैं। शोभायात्रा के दौरान भीड़ में बच्चा उनसे बिछड़ गया था।

परिजनों ने रातभर अपने स्तर पर बच्चे की तलाश की, लेकिन भारी भीड़ के कारण सफलता नहीं मिली और वे निराश होकर घर लौट गए थे। सुबह मोहल्ले के लोगों से जानकारी मिलने पर वे तुरंत कंट्रोल रूम पहुंचे।

इस दौरान बच्चा शुरुआत में अपनी दादी और मौसी के साथ जाने में झिझक रहा था। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन के निर्देश पर कोतवाली और गोंदा थाना की पुलिस गश्ती टीम ने बच्चे और उसके परिजनों को पुलिस वाहन से सुरक्षित उनके गोंदा थाना क्षेत्र स्थित हथिया गोंदा स्थित घर पहुंचाया।

घर पहुंचने पर बच्चे की उसके बीमार पिता से मुलाकात कराई गई। आवश्यक सत्यापन के बाद बच्चे को औपचारिक रूप से परिजनों को सौंप दिया गया। अपने परिवार से मिलकर बच्चा काफी खुश नजर आया। परिजनों ने इस मानवीय पहल के लिए रांची पुलिस का आभार जताया।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story