मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से यूनिसेफ के बाल पत्रकारों ने अपने अधिकारों और सामाजिक मुद्दों पर किया संवाद
-हेमंत सोरेन बोले- बच्चों की आवाज सुनी जानी चाहिए, सरकार उनके अनुकूल वातावरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध
रांची, 20 नवंबर (हि.स.)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शुक्रवार को विश्व बाल दिवस के अवसर पर रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में यूनिसेफ के 10 बाल पत्रकारों ने मुलाकात की। इस दौरान बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के साथ बाल अधिकारों में आए सकारात्मक बदलावों, अपने सपनों और भविष्य को लेकर संवाद किया।
बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को अपने स्कूलों और समुदायों में किए गए प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम तथा स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में उन्होंने किस तरह भूमिका निभाई है। इसके अलावा माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, बचपन में होने वाली गैर-संचारी बीमारियों की रोकथाम, स्वस्थ खानपान और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर जन-जागरूकता के लिए किए गए प्रयासों के अनुभव भी साझा किए।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बाल पत्रकारों के विभिन्न सवालों का सहजता, आत्मीयता और संवेदनशीलता के साथ जवाब दिया। उन्होंने बच्चों की जिज्ञासाओं को गंभीरता से सुना और सरल एवं प्रेरक शब्दों में उनकी शंकाओं का समाधान किया।
हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार स्कूली शिक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने के लिए समीक्षा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के साथ खेलकूद में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराने और पंचायत स्तर पर खेल मैदान बनाने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से भी बच्चों के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में जिलास्तर पर पुस्तकालयों के निर्माण का कार्य चल रहा है। शिक्षा बेहद आवश्यक है, क्योंकि इससे सही और गलत की समझ विकसित होती है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह कानूनी अपराध होने के साथ-साथ प्रकृति के भी विरुद्ध है। इसके कारण बच्चियों के साथ-साथ पुरुषों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बच्चों की शादी निर्धारित उम्र में ही कराने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार के अधिकारियों को अपने क्षेत्र के स्कूलों में एक दिन रहकर विद्यार्थियों से बातचीत करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में माहवारी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और बच्चियों एवं महिलाओं को सैनिटरी पैड भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
यूनिसेफ के अधिकारियों और बाल पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बाल पत्रकारों की जागरूकता और आत्मविश्वास उन्हें हमेशा आश्चर्यचकित करता है। आज ये बच्चे जिस स्पष्टता और आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों की बात रख रहे हैं, उससे उनके भविष्य में अच्छे नेतृत्वकर्ता बनने की उम्मीद जगती है। इस सपने को साकार करने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा और हर बच्चे की आवाज सुननी होगी, क्योंकि प्रत्येक बच्चा और उसके विचार एवं सपने महत्वपूर्ण हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चे झारखंड के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। जब कोई बच्चा आत्मविश्वास के साथ सवाल पूछता है, अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता है या अपने समुदाय की समस्या का समाधान सुझाता है, तो उसकी बात सुनी जानी चाहिए। राज्य सरकार सभी बच्चों के लिए अनुकूल वातावरण बनाने को प्रतिबद्ध है, ताकि उन्हें सीखने, अपनी बात रखने, सुरक्षित रहने और सपनों को साकार करने के समान अवसर मिल सकें। उन्होंने उम्मीद जताई कि बाल पत्रकारों के अनुभव दूसरे बच्चों को भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर आवाज उठाने के लिए प्रेरित करेंगे।
इस अवसर पर यूनिसेफ झारखंड की प्रमुख डॉ. कनीनिका मित्र ने कहा कि बच्चों के साथ 80 वर्षों के कार्य अनुभव के आधार पर यूनिसेफ का मानना है कि बच्चों को केवल योजनाओं और नीतियों का लाभार्थी नहीं, बल्कि उनके जीवन को प्रभावित करने वाले निर्णयों में भागीदार भी बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यूनिसेफ हमेशा से बच्चों की आवाज की ताकत में विश्वास करता आया है और बाल पत्रकार इसका जीवंत उदाहरण हैं। बच्चों की आवाज सुनना, उनकी क्षमता को प्रोत्साहित करना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना सभी की जिम्मेदारी है। बाल पत्रकार कार्यक्रम ने साबित किया है कि बच्चों को सही जानकारी, आत्मविश्वास और नेतृत्व के लिए मंच उपलब्ध कराने से व्यापक बदलाव संभव है।
इस अवसर पर बाल पत्रकारों में सोनू उरांव (गवर्नमेंट हाई स्कूल, कांके), खुशबू कुमारी (परमवीर अल्बर्ट एक्का, जीएमएस, सदर), तनु कुमारी (जीयूएमएस, पालू, ओरमांझी), सोफिया नुजहत (जीयूएमएस, हुरहुरी, रातू), प्रियांशी बरदियार (जीएमएस, हरमू हाउसिंग), सूरज प्रताप सिंह (जीएचएस, बोरीया, कांके), पल्लवी कुमारी (गवर्नमेंट स्कूल, डाहु, ओरमांझी), साक्षी कुमारी (जीएमएस, टीगरा नवा टोली, रातू), पंकज कुमार (गवर्नमेंट स्कूल, हरमू) और प्रियांशी कुमारी (गवर्नमेंट स्कूल, डहु) शामिल थीं। इस दौरान एनबीजेके की सुष्मिता भट्टाचार्य और विवेक कुमार भी उपस्थित थे।----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

