जितिया पर्व पर तालाब में डूबा आठ वर्षीय बच्चा, मौत

WhatsApp Channel Join Now
जितिया पर्व पर तालाब में डूबा आठ वर्षीय बच्चा, मौत


-मां के साथ स्नान करने गया था ओम शंकर, खेलते-खेलते गहरे पानी में चला गया

दुमका, 02 अक्टूबर (हि.स.)। दुमका के हंसडीहा थाना क्षेत्र के सुढ़ी गम्हरिया गांव में शुक्रवार सुबह जितिया पर्व के दौरान तालाब में डूबने से आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी रामध्वज मंडल के पुत्र ओम शंकर मंडल (08) के रूप में हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार, जितिया पर्व को लेकर ओम शंकर अपनी मां के साथ गांव के भासना पोखर में स्नान करने गया था। तालाब में कई अन्य बच्चे भी स्नान कर रहे थे। इसी दौरान खेलते-खेलते ओम शंकर गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही तालाब के पास ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बच्चे की मौत की खबर से गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इधर, मृतक के पिता रामध्वज मंडल ने हंसडीहा थाना में आवेदन देकर बच्चे का पोस्टमार्टम नहीं कराने का अनुरोध किया है। थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराने का अनुरोध किया है। पुलिस मामले में विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story