सुप्रियो के कांग्रेस पर दिए बयान पर माफी मंगवाएं मुख्यमंत्री : अंबा

WhatsApp Channel Join Now
सुप्रियो के कांग्रेस पर दिए बयान पर माफी मंगवाएं मुख्यमंत्री : अंबा


रांची, 09 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य की ओर से कांग्रेस को सांप कहने के बाद, कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद ने पलटवार किया है। रांची प्रेस क्लब में गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अंबा प्रसाद ने कहा कि यदि कोई अपने समाज और संस्कृति के बारे में ऐसी बातें कह सकता है, तो वे अपनी सहयोगी कांग्रेस के बारे में कुछ भी कह सकते हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ऐसे आपत्तिजनक बयानों पर खुद संज्ञान लेना चाहिए और झामुमो के केंद्रीय महासचिव से माफी मंगवानी चाहिए।

उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल में एक लोक गायिका से अपनी मुलाकात को याद करते हुए, अंबा ने कहा कि जब उन्होंने बंगाली लोक गायिका से सुप्रियो भट्टाचार्य के बंगाली में दिए गए एक बयान के बारे में पूछा, तो उन्होंने उसका हिंदी मतलब समझाया और कहा कि कोई भी बंगाली ऐसा शब्द या कहावत इस्तेमाल नहीं कर सकता।

बंगाली लोक गायिका ने कहा कि यह सोचा भी नहीं जा सकता कि झामुमो का कोई बंगाली नेता ऐसी बात कहेगा।

प्लास्टिक की मकड़ी दिखाते हुए अंबा प्रसाद ने झामुमो नेतृत्व को सावधान करते हुए कहा कि भाजपा अभी अपना जाल बुन रही है और उसकी मकड़ी ऐसी है कि एक बार काटने पर मौत पक्की है। इसलिए झामुमो को सावधान रहने की जरूरत है।

अंबा ने कहा कि कांग्रेस ने झामुमो को अपने दाहिने हाथ से कसकर पकड़ रखा है, बाकी सब उंगलियां कटी हुई हैं।

उन्होंने भाजपा, सरयू राय और दूसरों को मधुमक्खियों से तुलना करते हुए कहा कि ये लोग छटपटा रहे हैं। जब ये मधुमक्खियां काटेंगी, तो उन्हें समझ नहीं आएगा कि क्या करें। उन्होंने कहा कि ये मधुमक्खियां सरकार का मधु पीना चाहती हैं, लेकिन झामुमो को बचकर रहना होगा। कांग्रेस ने झामुमो को बहुत कसकर पकड़ रखा है। अंबा ने कहा कि झामुमो केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य की भाषा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की नहीं हो सकती है।

वहीं जब झामुमो केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य से पूरे मामले पर प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई तो उन्होंने कुछ भी कहने से मना कर दिया और बस कहा, ठीक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story