छठ और काली पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने नगर आयुक्त से की मुलाकात

WhatsApp Channel Join Now
छठ और काली पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने नगर आयुक्त से की मुलाकात


रांची, 22 अक्टूबर (हि.स.)। छठ पूजा एवं काली पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने गुरुवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव से मुलाकात कर आगामी छठ महापर्व एवं काली पूजा की तैयारियों के संबंध में विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की।

प्रतिनिधियों ने सर्वप्रथम दुर्गा पूजा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में रांची नगर निगम द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विगत वर्ष छठ घाटों की तैयारी एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निगम द्वारा किए गए कार्य अत्यंत सराहनीय थे। इस वर्ष भी छठ महापर्व के दौरान नगर निगम से पूर्ण सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की गई।

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधियों ने काली पूजा से पूर्व कुछ स्थानों पर स्टोन डस्ट उपलब्ध कराने तथा छठ घाटों की समुचित सफाई एवं विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। उन्होंने यह भी बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए कुछ स्थानों पर कृत्रिम छठ घाटों का निर्माण किया जाता है, जिसके लिए जेसीबी मशीन एवं वाटर टैंकर की आवश्यकता होगी।

नगर आयुक्त ने प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि रांची नगर निगम द्वारा आवश्यकतानुसार सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

नगर आयुक्त ने कहा कि शीघ्र ही सभी छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ एक समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में विभिन्न घाटों की आवश्यकताओं, सफाई, विद्युत व्यवस्था, कृत्रिम घाटों के निर्माण तथा अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

रांची नगर निगम छठ महापर्व को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में सभी पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765200 Articles

Share this story