रामगढ़ में नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व शुरू

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ़ में नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व शुरू


रामगढ़ में नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व शुरू


- शनिवार को खरना, रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रती- दामोदर नदी, पतरातू डैम और विभिन्न तालाबों पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

रामगढ़, 13 नवंबर (हि.स.)। झारखंड के रामगढ़ जिले में भी लोक आस्था और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। पर्व को लेकर व्रतियों और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। नहाय-खाय के अवसर पर व्रतियों ने स्नान कर भगवान सूर्य की आराधना की और पूरी पवित्रता एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ कद्दू-भात का प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही उन्होंने छठ व्रत का संकल्प लिया।

छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना मनाया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे और शाम को स्नान के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे। खरना के प्रसाद के रूप में गुड़ की खीर, गेहूं के आंटे की रोटी सहित पारंपरिक पकवान तैयार किए जाएंगे। पूजा के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करेंगे और परिवार के सदस्यों तथा श्रद्धालुओं के बीच भी इसका वितरण करेंगे। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतियों का करीब 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा।

महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती रामगढ़ और रजरप्पा क्षेत्र में दामोदर नदी, पतरातू डैम, बिजुलिया तालाब, हरहरी नदी सहित विभिन्न छठ घाटों और जलाशयों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस दौरान घाटों पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। छठ गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय रहेगा।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776417 Articles

Share this story