बड़ा तालाब छठ पूजा समिति की नई कमेटी गठित, रमेश केडिया अध्यक्ष और राहुल सिन्हा बने कार्यकारी अध्यक्ष

WhatsApp Channel Join Now
बड़ा तालाब छठ पूजा समिति की नई कमेटी गठित, रमेश केडिया अध्यक्ष और राहुल सिन्हा बने कार्यकारी अध्यक्ष


रांची, 26 अक्टूबर (हि.स.)। स्टूडेंट फेडरेशन बड़ा तालाब छठ पूजा समिति की वार्षिक बैठक में छठ महापर्व के 76वें वर्ष के आयोजन को भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया गया। इस दौरान समिति के वर्ष 2026 के आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। साथ ही पुरानी कमेटी को भंग कर नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। नई कमेटी में रमेश केडिया को अध्यक्ष, राहुल सिन्हा चंकी को कार्यकारी अध्यक्ष और मोहम्मद रॉकी को महामंत्री बनाया गया है।

समिति के संरक्षक राजीव रंजन मिश्रा ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि नई कमेटी में मनोज शर्मा, विशाल मिश्रा, अनिल तिवारी और अरविंद जायसवाल को मंत्री बनाया गया है। वहीं, अरविंद सिंह को प्रचार मंत्री और पिंटू चांगल को सह-प्रचार मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा राजीव रंजन मिश्रा, विनय सरावगी, कुणाल अजमानी, शमशेर आलम, रवि कुमार पिंकू और सुबोध मिश्रा को मुख्य संरक्षक बनाया गया है।

राजीव रंजन मिश्रा ने बताया कि छठ महापर्व से पहले बड़ा तालाब के मुख्य छठ घाट और तोरण द्वार की मरम्मत कराने के लिए रांची नगर निगम प्रशासन से मांग की जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन और नगर निगम से राजधानी के सभी तालाबों एवं छठ घाटों की समुचित साफ-सफाई कराने के साथ आसपास जमा गंदगी हटाने का आग्रह किया, जिससे कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी बड़ा तालाब छठ घाट को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। इसके लिए कोलकाता के मालाकारों से विशेष पुष्प सज्जा कराई जाएगी। साथ ही भव्य विद्युत सज्जा की भी व्यवस्था की जाएगी, जिससे छठ महापर्व के दौरान घाट की सुंदरता और बढ़ेगी।

बैठक में राजकिशोर प्रसाद, प्रकाश चंद्र सिन्हा, सुनील शर्मा, मंटू दुबे, पीयूष आनंद और राकेश सिंह सहित समिति के दर्जनों सदस्य उपस्थित रहे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767272 Articles

Share this story