चास सदर बाजार में माप-तौल विभाग की रेड, कांटा जब्त

WhatsApp Channel Join Now
चास सदर बाजार में माप-तौल विभाग की रेड, कांटा जब्त


चास सदर बाजार में माप-तौल विभाग की रेड, कांटा जब्त


बोकारो, 15 जून (हि.स.)। उपायुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत सोमवार को माप-तौल विभाग ने चास के सदर बाजार में छापेमारी कर कई दुकानों की जांच की। कार्रवाई के दौरान एक दुकान से दर्जनों कांटा जब्त किया गया और अधिकारी अपने साथ ले गए, जबकि कई अन्य दुकानदार बिना वैध लाइसेंस के माप-तौल उपकरण का उपयोग करते हुए पाया गया।

जांच अभियान के दौरान विभागीय टीम ने बाजार में उपयोग किए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक और मैनुअल कांटों की बारीकी से जांच की। निरीक्षण के दौरान दुकान में माप-तौल संबंधी अनियमितता मिलने पर उसका कांटा जब्त कर लिया गया। वहीं कई अन्य दुकानदार बिना लाइसेंस के कांटा का उपयोग करते हुए मिला, जिसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

माप-तौल अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं को कम तौल कर सामान बेचने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दुकानदार के लिए लाइसेंस प्राप्त करना और प्रतिवर्ष माप-तौल उपकरणों का सत्यापन (वेरिफिकेशन) कराना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसी दौरान विभाग ने मां लक्ष्मी ट्रेडिंग कंपनी नामक दुकान पर कार्रवाई की। जांच में पाया गया कि प्रतिष्ठान में बिना लाइसेंस के इलेक्ट्रॉनिक कांटों की बिक्री की जा रही थी। विभागीय अधिकारियों ने वहां से दर्जनों इलेक्ट्रॉनिक कांटे जब्त कर लिए। साथ ही प्रतिष्ठान संचालक को कड़ी चेतावनी देते हुए बताया गया कि बिना लाइसेंस माप-तौल उपकरणों की बिक्री अथवा उपयोग पूरी तरह गैरकानूनी है।

माप-तौल विभाग की इस कार्रवाई से सदर बाजार के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। विभाग ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में भी जांच अभियान जारी रहेगा ताकि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

Share this story