साहिबगंज और पाकुड़ के आदिवासी बहुल गांवों में जमीन पर कब्जा चिंताजनक : चम्पाई

WhatsApp Channel Join Now
साहिबगंज और पाकुड़ के आदिवासी बहुल गांवों में जमीन पर कब्जा चिंताजनक : चम्पाई


रांची, 25 नवंबर (हि.स.)।

पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में एसआईआर पर चर्चा के दौरान बुधवार को आदिवासियों की जमीन पर कथित कब्जे और फर्जी प्रमाण पत्रों के आधार पर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का मुद्दा उठाया। उन्होंने सदन की कार्रवाई की दूसरी पाली में सरकार के संकल्प का सैद्धांतिक समर्थन करते हुए कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता के साथ आदिवासियों के जमीन संबंधी अधिकारों की रक्षा भी जरूरी है। उनके संबोधन के दौरान स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कई बार हस्तक्षेप किया, जिससे सदन में नोकझोंक हुई।

चम्पाई ने सवाल उठाया कि संथाल परगना में एसपीटी और छोटानागपुर में सीएनटी एक्ट लागू होने के बावजूद आदिवासी जमीन के पते पर दूसरे लोगों के मतदाता पहचान पत्र कैसे बनाए जा रहे हैं। उन्होंने साहिबगंज और पाकुड़ के आदिवासी बहुल गांवों में आबादी के बदलते स्वरूप और जमीन पर कथित कब्जे को लेकर चिंता जताई।

उन्होंने चाकुलिया के कुछ गांवों का उदाहरण देते हुए जन्म प्रमाण पत्र जारी करने में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की। सवाल उठाया कि जिन गांवों में किसी खास समुदाय की आबादी नहीं है, वहां एक ही पते पर बड़ी संख्या में जन्म प्रमाण पत्र कैसे जारी हुए।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जमीन वापसी के हजारों एकड़ से जुड़े मामले सामने आए हैं। ऐसे में विवादित जमीन के पते पर मतदाता सूची में दर्ज नामों की भी जांच होनी चाहिए। इस दौरान मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने भी जमीन के मुद्दे पर नाराजगी जताई। वहीं, राजेश कच्छप ने भाजपा पर मतदाता सूची से नाम कटवाने का आरोप लगाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783241 Articles

Share this story