रामगढ़ में चैंबर की पहल पर अतिक्रमण अभियान पर छठ पर्व तक रोक

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ़ में चैंबर की पहल पर अतिक्रमण अभियान पर छठ पर्व तक रोक


रामगढ़, 03 अक्टूबर (हि.स.)। रामगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष मनजीत साहनी के नेतृत्व में शनिवार को डीसी ऋतुराज से मिला।

शहर में त्योहार के समय अतिक्रमण हटाओ अभियान पर छठ पर्व तक रोक लगाने की मांग की गई, क्योंकि यह समय व्यापारियों के लिए व्यापार करने का उपयुक्त समय होता है। इस वक्त हो रहे अतिक्रमण के नाम से तोड़फोड़ से व्यापारियों में भय का माहौल है। डीसी ऋतुराज ने बहुत गंभीरता से लेते हुए प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि तत्काल अतिक्रमण हटाओ की कार्रवाई छठ पूजा तक बंद रहेगी। आगे अतिक्रमण वाले स्थल का सीमांकन (डिमार्केशन) करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

डीसी ने व्यापारियों से अनुरोध किया कि वे अपनी दुकानों का सामान दुकान के अंदर ही रखें। अगर उनका सामान दुकान के बाहर सड़क पर रखा मिलेगा तो उसे प्रशासन जब्त कर लेगा। प्रतिनिधिमंडल ने डीसी को यह भी जानकारी दी की किसी भी कार्रवाई को चलाने के पूर्व व्यापारियों के साथ संयुक्त बैठक कर उसकी जानकारी दी जाए। इससे प्रशासन और व्यापारियों के बीच समन्वय बना रहेगा।

डीसी ने प्रतिनिधिमंडल से कहा कि शहर में सुगम यातायात व्यवस्था के लिए जाम की समस्या दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। जिस पर व्यवसायियों का भी सहयोग अपेक्षित है। पूरे शहर को जाम से मुक्त कराने के लिए एक मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। ताकि नेहरू रोड, लोहार टोला चट्टी बाजार में जाम की स्थिति नहीं रहे।

प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष मनजीत साहनी, पूर्व अध्यक्ष आनंद अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद सिंह, वकील सिंह, पूर्व अध्यक्ष पंकज प्रसाद तिवारी, उपाध्यक्ष अमरेश गणक और कोषाध्यक्ष दिनेश पोद्दार शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story