चेंबर ने की थाने में लोगों से शालीन व्यवहार करने की मांग
रांची, 02 मई (हि.स.)।
झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स की पहल पर शनिवार को सुखदेवनगर थाना में पुलिस–व्यवसायी समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में थाना क्षेत्र के व्यवसायियों और पुलिस प्रशासन के बीच विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, आपसी समन्वय बढ़ाने और क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान को लेकर चर्चा हुई।
मौके पर थाना प्रभारी सुनील कुशवाहा ने थाना क्षेत्र में नशाखोरी पर नियंत्रण और विधि-व्यवस्था में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से नशाखोरी पर अंकुश लगाने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
बैठक में बढ़ती नशाखोरी, क्षेत्र के प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
सुखदेवनगर थाना में 01 पीसीआर और 04 टाइगर मोबाइल कार्यरत
थाना प्रभारी ने बताया कि वर्तमान में सुखदेवनगर थाना में 01 पीसीआर और 04 टाइगर मोबाइल कार्यरत हैं। उन्होंने उनके संपर्क नंबर भी साझा किया। उन्होंने यह भी कहा कि थाना स्तर पर समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में विधि-व्यवस्था में गुणात्मक सुधार हुआ है।
वहीं चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने इस बात पर जोर दिया कि थाना में आम लोगों के साथ शालीन व्यवहार सुनिश्चित किया जाए ताकि लोग अपनी शिकायत दर्ज कराने में संकोच न करें। लॉ एंड ऑर्डर उप समिति के अध्यरक्ष मुकेश अग्रवाल ने प्रमुख बाजार और व्यावसायिक क्षेत्रों में पुलिस गश्ती बढ़ाने, असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा समय-समय पर व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित करने का सुझाव दिया।
बैठक में चेंबर महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कार्यकारिणी सदस्य और लॉ एंड आर्डर उप समिति के अध्यरक्ष मुकेश अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री सहित क्षेत्र के कई व्यापारी शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

