चेंबर ने जमशेदपुर में आपराधिक घटनाओं को लेकर जताई चिंता, डीजीपी से की कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
चेंबर ने जमशेदपुर में आपराधिक घटनाओं को लेकर जताई चिंता, डीजीपी से की कार्रवाई की मांग


रांची, 26 सितंबर (हि.स.)। जमशेदपुर में लगातार हो रही हिंसक घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने राज्य की विधि व्यवस्था पर नाराजगी जताई और डीजीपी से अपराधियों पर सख्ती के लिए जरुरी कार्रवाई की मांग की है।

चेंबर की ओर शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा गया है कि जमशेदपुर में केनरा बैंक में लूट की घटना के बाद बिंदल मॉल के समीप फायरिंग की घटना से शहर के व्यवसायी समाज और आमजनों में भय का माहौल व्याप्त हो गया है।

अपराधियों में पुलिस और कानून का भय व्याप्त होना जरूरी : अध्यक्ष

चेंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि जमशेदपुर राज्य का प्रमुख औद्योगिक और व्यावसायिक केंद्र है। व्यवसायी, उद्यमी और आम नागरिक निर्भीक होकर अपना व्यवसाय और दैनिक गतिविधियां संचालित कर सकें, इसके लिए मजबूत कानून-व्यवस्था बेहद जरुरी है। दिनदहाड़े बैंक में लूट और उसके बाद सार्वजनिक जगह पर गोलीबारी जैसी घटनाएं यह दिखाती हैं कि पुलिस प्रशासन को अपराध नियंत्रण के लिए सख्ती बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अभी त्योहारी सीजन की शुरुआत भी हो रही है। सुरक्षित माहौल के लिए अपराधियों में पुलिस और कानून का भय व्याप्त होना जरूरी है।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से जमशेदपुर की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अपराधियों की शीघ्र पहचान और गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, घटनाओं की गहन जांच करने एवं शहर के संवेदनशील तथा व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त को और प्रभावी बनाने की मांग की।

राज्यव की विधि व्यवस्था पर व्यवसयियों की चिंता को देखते हुए चेंबर भवन में बैठक आयोजित की गई।

इसमें व्यवसायियों ने कहा कि व्यापारिक प्रतिष्ठान, बैंक, बाजारों और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा होनी चाहिए। सदस्यों ने जिला पुलिस प्रशासन से व्यावसायिक संगठनों के साथ समन्वय स्थापित कर संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित करने और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

बैठक में चेंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, उपाध्यक्ष रोहित पोद्दार, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव अमित शर्मा के अलावा सदस्य आलोक सिंह, अमित मोदी, संतोष अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story