(अपडेट) रांची में कोढ़ा गैंग के अपराधी से पुलिस की मुठभेड़, तीन गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) रांची में कोढ़ा गैंग के अपराधी से पुलिस की मुठभेड़, तीन गिरफ्तार


(अपडेट) रांची में कोढ़ा गैंग के अपराधी से पुलिस की मुठभेड़, तीन गिरफ्तार


(अपडेट) रांची में कोढ़ा गैंग के अपराधी से पुलिस की मुठभेड़, तीन गिरफ्तार


रांची, 4 अक्टूबर (हि.स.)।

राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ समय से महिलाओं की सुरक्षा पर सेंध लगाने वाले और राह चलते सोने की चेन छीनने वाले खूंखार ‘कोढ़ा गैंग’ के खिलाफ रांची पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहार और झारखंड में आतंक का पर्याय बन चुके कोढ़ा गैंग के तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, इस कार्रवाई के दौरान चुटू गांव के पास फिल्मी अंदाज में हवलदार की पिस्टल छीनकर भागने का प्रयास कर रहे एक बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में पैर में गोली मारी।

शहर में चेन छिनतई की वारदातों को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन ने मामले को काफी गंभीरता से लिया। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों के साथ एक आपातकालीन समीक्षा बैठक की और चेन स्नेचर्स पर नकेल कसने के सख्त निर्देश जारी किए। अपराधियों को पकड़ने के लिए एक विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया, जो दिन-रात संदिग्धों पर पैनी नजर रख रही थी। इसी दौरान शनिवार को बरियातु थाना और मेसरा ओपी क्षेत्र में फिर से चेन छिनतई की घटनाएं सामने आईं। इसके बाद पुलिस टीम हरकत में आई और निगरानी बढ़ाते हुए रविवार को बिहार के कटिहार जिले के रहने वाले कुख्यात कोढ़ा गैंग के तीन सक्रिय सदस्यों को पकड़ा।

कड़ाई से की गई पूछताछ में तीनों अपराधियों ने रांची जिले में लगभग एक दर्जनों छिनतई और लूट के मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी माना कि वे लोगों में खौफ पैदा करने और डराने-धमकाने के लिए जानलेवा हथियारों का इस्तेमाल करते थे। पूछताछ के दौरान अपराधियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने रिंग रोड के पास चुटू गांव के आसपास झाड़ियों में अपने हथियार छिपाकर रखे हैं। रांची पुलिस की टीम तीनों अपराधियों को साथ लेकर छिपाए गए हथियारों की बरामदगी के लिए चुटू गांव की ओर रवाना हुई।

जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, इनमें से एक शातिर अपराधी आकाश यादव उर्फ रंगीला ने अचानक बरियातु थाना के हवलदार रवींद्र कुमार पर हमला कर दिया और उनकी सर्विस पिस्टल छीन ली। पिस्टल छीनते ही आकाश ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और भागने की कोशिश की। बरियातु थाना प्रभारी ने अपनी और टीम की आत्मरक्षार्थ में तुरंत जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आकाश यादव के पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा, जबकि उसके अन्य दो साथियों को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया।

घायल बदमाश आकाश यादव को तुरंत इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अपराधियों की निशानदेही पर छिपाकर रखा गया हथियार और कारतूस भी बरामद कर लिया है।

पकड़े गए तीनों अपराधी बिहार के कटिहार जिले के कुख्यात कोढ़ा गैंग से जुड़े हैं। गिरफ्तार अपराधियों में आकाश यादव उर्फ रंगीला, अमन कुमार यादव, कार्तिक यादव उर्फ दिनेश शामिल है।

पुलिस की प्राथमिक जांच और पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इन तीनों अपराधियों पर बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों में आर्म्स एक्ट, लूट और चेन छिनतई जैसे 40 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। यह गैंग सिर्फ रांची तक ही सीमित नहीं था, बल्कि इन्होंने हजारीबाग, रामगढ़ और धनबाद में भी 12 से अधिक चेन छिनतई की वारदातों को अंजाम दिया था।

एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि इन तीनों अपराधियों के गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके अंतरराज्यीय नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। अन्य आपराधिक मामलों में इनकी संलिप्तता की गहन जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story